बसना/ NH-53 पर दर्दनाक हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, जांच में जुटी पुलिस
बसना। थाना बसना में पंजीबद्ध मर्ग क्रमांक 04/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत सड़क दुर्घटना से हुई मौत के मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान पृथ्वी राज भोई (38 वर्ष), पिता सुकलाम्बर भोई, निवासी पाईकपारा, थाना बलौदा, जिला महासमुंद के रूप में हुई है।
मर्ग जांच के दौरान पंचान गवाह धरती राज भोई, रामलाल बरिहा, नरेश भोई, चूड़ामणी भोई एवं तरूणी भोई से पृथक-पृथक पूछताछ कर उनके कथन दर्ज किए गए। गवाहों के अनुसार मृतक पृथ्वी राज भोई घरेलू कार्य से सांकरा गया हुआ था और दोपहर करीब 02:20 बजे अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG06 GB 4725 से वापस गांव लौट रहा था।
इसी दौरान NH-53 मेन रोड, साल्हेतराई के पास एक अज्ञात वाहन के चालक ने तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चलाते हुए मृतक की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में पृथ्वी राज भोई सड़क पर गिर पड़ा, जिससे उसके सिर, चेहरे एवं शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। मोटरसाइकिल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के बाद डायल 112 की सहायता से घायल को शासकीय अस्पताल बसना लाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध धारा 106(1) BNS एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध कायम कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
अब बड़ा सवाल यह है कि—अज्ञात वाहन कौन सा था और चालक कहां फरार है? पुलिस CCTV फुटेज व प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है।



