बसना में सड़क किनारे टहल रहे पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला, लोहे की रॉड और डंडे से मारपीट
बसना। थाना बसना क्षेत्र में आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दिनांक 12 जनवरी 2026 की शाम करीब 6:30 बजे सड़क किनारे टहल रहे पिता-पुत्र पर दो युवकों ने मिलकर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में पीड़ित के सिर में गंभीर चोट आई, जिससे खून बहने लगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित अपने पुत्र सुनील साव के साथ घर के सामने रोड किनारे टहल रहा था। इसी दौरान ओमप्रकाश राणा अपने मोटरसाइकिल में जयप्रकाश राणा को पीछे बैठाकर तेज गति से पहुंचे। तेज रफ्तार से वाहन चलाने पर मना करने से नाराज होकर दोनों आरोपियों ने गाली-गलौच शुरू कर दी और फिर एक राय होकर मारपीट करने लगे।
आरोप है कि ओमप्रकाश राणा ने लोहे की रॉड से और जयप्रकाश राणा ने डंडे से हमला किया, जिससे पीड़ित के सिर में गंभीर चोट आई। जाते-जाते आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। घटना को पीड़ित के पुत्र सुनील साव सहित हरि केंवट और लक्ष्मण यादव ने देखा और बीच-बचाव किया।
घटना के बाद घायल का उपचार अग्रवाल नर्सिंग होम बसना में कराया गया। इसके बाद 13 जनवरी 2026 को थाना बसना पहुंचकर पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2), 296, 3(5) एवं 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।



