बसना : पानी टंकी के पास मिला युवक का शव, मौत पर सस्पेंस बरकरार
लिमदरहा के युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
घटना स्थल पहुंची पुलिस व फॉरेंसिक टीम, जांच जारी
बसना। थाना अंतर्गत पुलिस चौकी भंवरपुर क्षेत्र के ग्राम लिमदरहा के एक 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक का शव ग्राम जमदारहा के गांव की पानी टंकी के अहाते में मिला, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच प्रारंभ की।
मृतक की पहचान गौतम साहू, पिता सुजन साहू, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम लिमदरहा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार गौतम 12 जनवरी 2026 को अपने एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल से बैंक ऑफ बड़ौदा, चनाट शाखा से धान बिक्री का पैसा निकालने के लिए निकला था। उसके बैंक खाते में लगभग 73 हजार रुपये जमा थे, लेकिन उसने पैसा निकाला या नहीं, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
बताया गया कि युवक दोपहर बाद से लापता था। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन गांव की पानी टंकी के पास उसका शव संदिग्ध हालत में मिलने की सूचना ग्राम कोटवार द्वारा पुलिस को दी गई।
पुलिस के अनुसार प्रारंभ में शव अज्ञात समझा जा रहा था, लेकिन सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होने के बाद परिजनों ने उसकी पहचान की। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे।
घटना की सूचना मिलते ही भंवरपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई की गई। शव को पोस्टमार्टम हेतु बसना अस्पताल भेजा गया। वहीं, फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संकलन में जुटी रही।
पुलिस का कहना है कि युवक की मौत हत्या है या आत्महत्या, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से विवेचना की जा रही है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं।



