बसना। थाना बसना पुलिस ने रविवार रात ग्राम साल्हे तराई स्थित एक फार्म हाउस में चल रहे जुआ फड़ पर दबिश देकर तीन लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसों की हार-जीत का दांव लगाकर काट पत्ती नामक जुआ खेल रहे थे। कार्रवाई के दौरान दो जुआरी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से नगदी, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल सहित कुल ₹2 लाख 8 हजार 500 रुपये का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस से मिली प्रथम सूचना के अनुसार 23 अगस्त को थाना बसना में पदस्थ पीएसआई अंजना चंद्रा हमराह प्रधान आरक्षक क्रमांक 683 तथा आरक्षक क्रमांक 112, 551 और 700 के साथ शासकीय अधिग्रहित वाहन क्रमांक CG06GW8714, चालक एवं विवेचना किट के साथ कानून व्यवस्था ड्यूटी तथा टाउन-देहात पेट्रोलिंग पर रवाना हुई थीं। वीरनारायण सिंह चौक बसना के पास मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम साल्हे तराई में सूर्यकांत मिश्रा के फार्म हाउस में कुछ लोग 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसों की हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं।
सूचना से थाना प्रभारी को अवगत कराने के बाद पुलिस ने गवाह योगेश सेन एवं गोपाल पात्रे को धारा 179 बीएनएसएस का नोटिस देकर पुलिस टीम के साथ मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस के मुताबिक मौके पर तीन लोगों को जुआ खेलते रंगे हाथ पकड़ा गया, जबकि दो लोग पुलिस को देखकर फरार हो गए।
तीन आरोपियों की गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद सकील पिता मोहम्मद अब्दुल गफ्फार (40), निवासी वार्ड क्रमांक 01 इंद्रा कॉलोनी बसना; जुनेद खान पिता सहील खान (32), निवासी वार्ड क्रमांक 08 गुरुनानक वार्ड बसना; तथा जितेन्द्र साहू पिता स्वर्गीय विक्रम सिंह (39), निवासी वार्ड क्रमांक 14 आदर्श नगर बसना के रूप में हुई।
पूछताछ में फरार आरोपियों के नाम मनीष गुप्ता निवासी बसना तथा सूर्यकांत मिश्रा निवासी खुर्सीपहार बताए गए।
आरोपीवार जब्ती
पुलिस के मुताबिक मोहम्मद सकील के पास से ₹250 नगद, फड़ से ₹2,650, ओप्पो कंपनी का मोबाइल कीमत ₹15,000 जब्त किया गया।
जुनेद खान के पास से ₹300 नगद, फड़ से ₹2,900, वीवो कंपनी का मोबाइल कीमत ₹10,000 तथा सुपर स्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG06G2919, कीमत ₹20,000 जब्त की गई।
जितेन्द्र साहू के पास से ₹200 नगद, फड़ से ₹2,200, वनप्लस कंपनी का मोबाइल कीमत ₹10,000 तथा होंडा हॉर्नेट मोटरसाइकिल क्रमांक MP21MK1330, कीमत ₹60,000 जब्त की गई।
वहीं फरार बताए गए मनीष गुप्ता का ओप्पो कंपनी का मोबाइल, जिसमें जियो एवं एयरटेल कंपनी के सिम लगे होना बताया गया है, कीमत ₹15,000, तथा पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG06GU8442, कीमत ₹50,000 जब्त की गई। दूसरे फरार बताए गए सूर्यकांत मिश्रा की हीरो स्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG06GE2993, कीमत ₹20,000 भी पुलिस ने जब्त की।
इस प्रकार पुलिस ने कुल ₹8,500 नगद, 52 पत्ती ताश, चार मोबाइल फोन कीमत ₹50,000 और चार मोटरसाइकिल कीमत ₹1,50,000, कुल ₹2,08,500 का मशरूका जब्त किया।
21:25 बजे गिरफ्तार, अपराध दर्ज
पुलिस के अनुसार आरोपियों से जब्त सामग्री को गवाहों के समक्ष जब्ती पत्रक के मुताबिक पुलिस कब्जे में लिया गया। आरोपियों का कृत्य धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 एवं धारा 112(2) बीएनएस के तहत पाए जाने पर तीनों आरोपियों को 23 अगस्त को करीब रात 9:25 बजे विधिवत गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार प्रकरण अजमानतीय होने के कारण गिरफ्तारी की सूचना आरोपियों के परिजनों को मौके पर दी गई।
प्रथम सूचना में घटना का समय 23 अगस्त की रात करीब 9:02 बजे, घटना स्थल सूर्यकांत मिश्रा का फार्म हाउस, ग्राम साल्हे तराई, थाना बसना से पश्चिम करीब 8 किलोमीटर तथा रिपोर्ट का समय रात 9:50 बजे दर्ज है। मौके पर बिना नंबरी अपराध कायम कर विवेचना शुरू की गई और बाद में थाना वापस आकर असल नंबरी अपराध दर्ज किया गया।
पुलिस ने मामले में फरार बताए गए दोनों व्यक्तियों की तलाश शुरू कर दी है। प्रकरण की विवेचना जारी है।



