छत्तीसगढ़ के लगभग 10 हजार युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर
रायपुर में 7-8 अक्टूबर को राज्यस्तरीय रोजगार मेला, 9,449 रिक्त पदों की जानकारी
रायपुर, 01 अक्टूबर 2026। रोजगार की तलाश कर रहे छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए बड़ा अवसर सामने आया है। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा आगामी 7 और 8 अक्टूबर को रायपुर में दो दिवसीय राज्यस्तरीय रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है। रोजगार मेले में करीब 10 हजार युवाओं को रोजगार के अवसर मिलने की उम्मीद है। अलग-अलग शैक्षणिक योग्यताओं और कौशल वाले युवा इसमें शामिल होकर अपनी योग्यता के अनुरूप नौकरी प्राप्त कर सकेंगे।
कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग द्वारा यह रोजगार मेला बूढ़ापारा स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। मेले का उद्देश्य प्रदेश के शिक्षित और प्रशिक्षित युवाओं को निजी क्षेत्र में उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
अब तक 62 कंपनियों और प्लेसमेंट एजेंसियों से 9,449 रिक्त पदों की जानकारी सरकार को प्राप्त हो चुकी है। अन्य कंपनियों से भी लगातार संपर्क किया जा रहा है, जिससे रोजगार के अवसरों की संख्या और बढ़ने की संभावना है। इस रोजगार मेले के माध्यम से स्थानीय कंपनियों के साथ राष्ट्रीय स्तर की निजी कंपनियों को भी एक मंच पर लाया जा रहा है।
8 अक्टूबर को चयनित युवाओं को मिलेंगे ऑफर लेटर
रोजगार मेले के दूसरे दिन 8 अक्टूबर को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब चयनित युवाओं को ऑफर लेटर वितरित करेंगे। यह आयोजन युवाओं को रोजगार से जोड़ने और उन्हें स्वावलंबी बनाने की दिशा में प्रदेश सरकार के प्रयासों को आगे बढ़ाएगा।
कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास और उन्हें स्वावलंबी बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। रोजगार मेले के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर
रोजगार मेले में 10वीं और 12वीं पास युवाओं से लेकर आईटीआई, डिप्लोमा और इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुके अभ्यर्थियों के लिए रिक्तियां उपलब्ध हैं। कृषि स्नातक, सामान्य स्नातक तथा एमबीए और एमसीए सहित स्नातकोत्तर योग्यताधारी युवा भी अपनी पात्रता के अनुसार आवेदन कर सकेंगे।
तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं के लिए मशीन ऑपरेटर, असेंबली ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन और मेंटेनेंस इलेक्ट्रिशियन जैसे पदों पर अवसर उपलब्ध हैं। इसके अलावा मैकेनिकल इंजीनियर और गुणवत्ता निरीक्षक के पदों के लिए भी रिक्तियां प्राप्त हुई हैं।
कंप्यूटर क्षेत्र में कंप्यूटर ऑपरेटर, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव और टेलीकॉलर के पद शामिल हैं। वहीं रिलेशनशिप मैनेजर, सेल्स एग्जीक्यूटिव और सेल्स ऑफिसर जैसे पदों पर भी युवाओं के लिए अवसर उपलब्ध हैं। बैंकिंग, फाइनेंस और मानव संसाधन यानी एचआर से संबंधित पद भी मेले में उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
स्वास्थ्य एवं देखभाल क्षेत्र में नर्सिंग स्टाफ और केयर टेकर, जबकि सुरक्षा सेवाओं में गार्ड और सुपरवाइजर के पद शामिल हैं। परिवहन एवं सामान की आवाजाही से जुड़े कार्यों में ड्राइवर, डिलीवरी कर्मी, बाइक राइडर और पिकर-पैकर जैसे पदों पर भी रोजगार के अवसर उपलब्ध हैं। अभ्यर्थी अपनी योग्यता, रुचि और संबंधित पद की पात्रता के अनुसार आवेदन कर सकेंगे।
ये कंपनियां एवं संस्थाएं लेंगी हिस्सा
रोजगार मेले के लिए क्वेस कॉर्प, रैंडस्टैड इंडिया, राजस्थान टेक्सटाइल मिल्स-सतलुज टेक्सटाइल्स, वर्द्धमान टेक्सटाइल्स, जेनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर और एयरटेल पेमेंट बैंक जैसी कंपनियों ने रिक्तियां उपलब्ध कराई हैं।
इसके अलावा इंस्टाकार्ट, स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल, स्वतंत्र माइक्रोफिन, एनआईआईटी, आइसेक्ट, शांता टेक्नो, राजत इक्विपमेंट्स और फर्स्ट फ्लाई कॉर्पोरेट सहित अन्य कंपनियां एवं संस्थाएं भी रोजगार मेले में शामिल होंगी।
ई-रोजगार पोर्टल से ऑनलाइन आवेदन
रोजगार मेले में आवेदन और चयन प्रक्रिया को सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के लिए ई-रोजगार पोर्टल का उपयोग किया जा रहा है। विभिन्न कंपनियों और प्लेसमेंट एजेंसियों से प्राप्त रिक्तियों को पोर्टल पर प्रदर्शित किया जा रहा है। इच्छुक युवा आधिकारिक ई-रोजगार पोर्टल पर पंजीयन कर सकते हैं, घर बैठे उपलब्ध पदों की जानकारी देख सकते हैं और अपनी पात्रता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।
इस व्यवस्था से युवाओं को रोजगार मेले से पहले ही उपलब्ध अवसरों और संबंधित पदों की जानकारी प्राप्त करने का समय मिलेगा। नियोजक भी पोर्टल पर अभ्यर्थियों की प्रोफाइल और आवेदन देख सकेंगे। इसके आधार पर जरूरत के अनुसार उम्मीदवारों की सूची तैयार करने तथा प्रारंभिक चयन प्रक्रिया संचालित करने की सुविधा होगी।
पिछले दो वित्त वर्षों में 9,463 अभ्यर्थी चयनित
इससे पहले वित्त वर्ष 2024-25 और 2025-26 में छत्तीसगढ़ रोजगार एवं प्रशिक्षण विभाग द्वारा आयोजित राज्य एवं जिला स्तरीय रोजगार मेलों तथा प्लेसमेंट कैंपों में कुल 9,463 अभ्यर्थियों का चयन हुआ था।
रोजगार विभाग के आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2024-25 में 311 प्लेसमेंट कैंप तथा रायपुर, दुर्ग एवं बिलासपुर में रोजगार मेले आयोजित किए गए, जिनमें 5,314 अभ्यर्थी चयनित हुए।
वहीं वित्त वर्ष 2025-26 में 245 प्लेसमेंट कैंप तथा रायपुर, बलौदाबाजार एवं दुर्ग में रोजगार मेले आयोजित किए गए, जिनमें 4,149 अभ्यर्थियों का चयन हुआ।
वित्त वर्ष 2026 में सितंबर तक राज्य में 224 प्लेसमेंट कैंप और रोजगार मेलों का आयोजन हो चुका है, जिनमें 8,878 अभ्यर्थी चयनित हुए हैं। आगामी राज्यस्तरीय रोजगार मेला प्रदेश के युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार से जोड़ने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण अवसर के रूप में सामने आया है।



