सब स्टेशन में ऑपरेटर से मारपीट और धमकी का आरोप
महासमुंद, 06 अक्टूबर 2026। सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम नवरंगपुर स्थित 33/11 केव्ही विद्युत सब स्टेशन में ड्यूटी कर रहे ऑपरेटर के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। मामले में पीड़ित ने चार लोगों के खिलाफ थाना सिंघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रिपोर्ट के अनुसार, ग्राम डोंगरीपाली निवासी पीड़ित ने इलेक्ट्रिशियन में आईटीआई किया है और मेसर्स सिंग इन्फ्रा वेंचर्स के अंतर्गत नवरंगपुर सब स्टेशन में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत है। 05 अक्टूबर को करीब 11 बजे ड्यूटी के दौरान ग्राम नवरंगपुर निवासी खगेश्वर साहू सब स्टेशन पहुंचा और बिजली बंद होने का कारण पूछा। पीड़ित ने परमिट के आधार पर लाइन ट्रिप होने तथा पाटसेन्द्री में बिजली सुधार कार्य चलने की जानकारी दी। आरोप है कि इस पर खगेश्वर साहू ने गाली-गलौज की और वहां से चला गया।
इसके करीब 15 मिनट बाद खगेश्वर साहू, केशव साहू और राजेश साहू सब स्टेशन पहुंचे और तीनों ने मिलकर गाली-गलौज करते हुए पीड़ित के साथ हाथ-मुक्का से मारपीट की। मौके पर मौजूद सब स्टेशन स्टाफ महेश चौहान और कुश कुमार भोई ने बीच-बचाव कर विवाद शांत कराया। पीड़ित ने डायल 112 को भी सूचना दी।
रिपोर्ट में बताया गया है कि करीब 1:30 बजे खगेश्वर साहू, राजेश साहू, केशव साहू और खीरसाय साहू दोबारा सब स्टेशन पहुंचे। आरोप है कि चारों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने, नौकरी से निकलवाने तथा वहां काम नहीं करने देने की धमकी दी और फिर मारपीट की। इसी दौरान राजेश साहू द्वारा पास में पड़े पत्थर से सिर पर हमला करने का प्रयास करने का आरोप है। पीड़ित ने बचने के लिए सिर हटाया, जिससे पत्थर उसके बाएं कंधे में लगा और चोट आई।
घटना के समय सब स्टेशन के ऑपरेटर नीरजनयन पटेल द्वारा विवाद देखने-सुनने तथा बीच-बचाव करने की बात रिपोर्ट में कही गई है। पीड़ित ने घटना की जानकारी सब स्टेशन के जेई सौरभ कुजुर को फोन के माध्यम से दी। स्टाफ से सलाह-मशविरा के बाद 06 अक्टूबर को थाना पहुंचकर खगेश्वर साहू, राजेश साहू, केशव साहू और खीरसाय साहू के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई है।



