कार्यक्रम पूर्व मंत्री एवं विधायक रहे राजा देवेंद्र बहादुर सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
कलश यात्रा, ईसर राजा की बारात और कर्मा-सुवा नृत्य के साथ गोंड समाज ने निभाई अपनी पारंपरिक विरासत
बसना। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर ईसर-गौरा विवाह महोत्सव के अंतर्गत ग्राम गढ़फुलझर स्थित ऐतिहासिक गढ़ किला परिसर में राज ईसर-गौरा महापूजन महोत्सव का आयोजन श्रद्धा, उत्साह एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ किया गया। इस आयोजन में गोंड समाज की प्राचीन संस्कृति, धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता की सुंदर झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम का शुभारंभ बुढ़ादेव देवालय से ईसर राजा की बारात प्रस्थान की पारंपरिक रस्म के साथ हुआ। मंगल भवन गढ़फुलझर से निकली कलश यात्रा में कर्मा दल एवं सुवा दल ने अगुवाई की। समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। पारंपरिक वेशभूषा, धार्मिक उल्लास और जयघोष के बीच बारात एवं कलश यात्रा पूजा स्थल पहुंची, जहां बुढ़ादेव देवालय स्थल पर ईशर गउरा विवाह नेग की परंपरा निभाई गई। इसके पश्चात ईसर-गौरा, गढ़ शक्ति एवं देवी-देवताओं की विधिवत पूजा-अर्चना कर समाज, परिवार और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की गई।
महोत्सव के दौरान कर्मा दल एवं सुवा दल द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। इन प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को गोंड समाज की लोक संस्कृति, पारंपरिक कला और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का कार्य किया। आयोजन में धार्मिक परंपराओं के संरक्षण के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, रीति-रिवाजों और सामाजिक मूल्यों से परिचित कराने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम पूर्व मंत्री एवं विधायक रहे राजा देवेंद्र बहादुर सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। आयोजन अखिल भारतीय गोंड समाज फुलझर राज एवं श्री बुढ़ादेव मंदिर सेवा समिति फुलझर राज के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
इस अवसर पर समाज के लोगों ने अपनी पारंपरिक संस्कृति और धार्मिक विरासत को जीवंत बनाए रखने, समाज में एकता एवं भाईचारा मजबूत करने तथा आने वाली पीढ़ियों तक अपने रीति-रिवाजों को पहुंचाने का संकल्प लिया।
गढ़फुलझर की ऐतिहासिक धरती पर आयोजित यह महापूजन महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज की संस्कृति, आस्था, एकजुटता और पुरखों की विरासत को संजोने का एक महत्वपूर्ण प्रयास रहा।


