महासमुंद/ खरोरा मोटरसाइकिल की टक्कर से महिला की मौत, अज्ञात वाहन चालक पर केस दर्ज
महासमुंद, थाना महासमुंद क्षेत्र में एक दुखद सड़क दुर्घटना में 49 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतिका रूखमणी बाई पति तेजराम विश्वकर्मा, निवासी खरोरा, अपने पति के साथ मोपेड (टीवीएस मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GF 2575) में सवार होकर महासमुंद से खरोरा जा रही थी। तभी पुराना नाका महासमुंद के पास पीछे से तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक चल रही अज्ञात मोटरसाइकिल ने उनकी मोपेड को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोपेड में पीछे बैठी रूखमणी बाई सड़क पर गिर पड़ी और उसके सिर में गंभीर चोट आई। परिजन उन्हें तत्काल डीकेएस सुपर स्पेशलिटी अस्पताल रायपुर लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान 18 अक्टूबर 2024 को सुबह 08:45 बजे उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना थाना गोलबाजार रायपुर में दर्ज मर्ग डायरी के माध्यम से थाना महासमुंद को प्राप्त हुई। जांच के दौरान मामला धारा 106(1) BNS एवं धारा 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
प्रकरण में थाना महासमुंद के उपनिरीक्षक टी.पी. शुक्ला द्वारा जांच की जा रही है। मृतका के शव का पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्यवाही पूर्ण कर ली गई है। साथ ही मामले की जानकारी SDM महासमुंद को भी भेज दी गई है।
पुलिस अब अज्ञात मोटरसाइकिल चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर रही है।



