महासमुंद खल्लारी : घर के अंदर हुआ खून-खराबा, मां के वार से बेटा लहूलुहान, रास्ते में तोड़ा दम
महासमुंद। के खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम डोंगरीपाली में शनिवार 23 अगस्त 2025 की शाम पारिवारिक विवाद के दौरान खौफनाक घटना घट गई।
ग्राम निवासी राजेन्द्र सोरी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह शाम के समय अपने घर पर मां रूखमणी सोरी, पत्नी आरती और छोटे भाई धनंजय के साथ मौजूद था। तभी बड़ा भाई सुरज सोरी घर आया और गाली-गलौज करते हुए मां को मारने-पीटने लगा। इस दौरान राजेन्द्र ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, जिससे उसके दाहिने हाथ में खरोंच आई।
रिपोर्ट के अनुसार, सुरज सोरी ने अपशब्द कहते हुए धमकी दी और “मां को डउकी (पत्नी) बनाऊंगा” कहकर गाली-गलौज करता रहा। इस पर गुस्से और आक्रोश में आकर मां रूखमणी सोरी ने घर में रखे टंगिया से सुरज पर हमला कर दिया। बताया गया है कि उन्होंने सिर और गर्दन पर तीन बार वार किया, जिससे सुरज लहूलुहान होकर कमरे के भीतर जमीन पर गिर पड़ा। खून कमरे की दीवार, प्लास्टिक कुर्सी और पलंग पर भी बिखर गया।
घायल सुरज को तत्काल डायल-112 की मदद से इलाज के लिए महासमुंद ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक का पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है। वहीं आरोपी मां रूखमणी सोरी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



