सांकरा/ ग्राम लालमाटी में महिला पर हमला, गांव की बैठक बनी विवाद की वजह!
सांकरा।थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम लालमाटी में एक महिला के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता ने गांव के ही युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने बताया कि वह पढ़ी-लिखी नहीं है और गृहणी होने के साथ रोजी-मजदूरी कर अपना जीवन यापन करती है। दिनांक 04 जनवरी 2026 को गांव के कौशल पटेल ने उसके पति जेठु राम निषाद के साथ पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौच व मारपीट की थी। विवाद को सुलझाने के लिए महिला ग्राम सरपंच के पास बैठक करवाने गई थी।
सरपंच से मिलकर जब वह वापस अपने घर लौट रही थी, तभी घर के पास ही कौशल पटेल ने उसे रोक लिया और बैठक बुलाने की बात को लेकर अश्लील गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि आरोपी ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की और डंडे से हमला किया, जिससे महिला के दाहिने हाथ की कोहनी, पैर और कमर में गंभीर चोट आई।
घटना के समय महिला के पति जेठु राम निषाद मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। इसके बाद पीड़िता अपने पति के साथ थाना सांकरा पहुंची, जहां रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर धारा 115(2), 296, 351(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



