महासमुंद/कोमाखान। कोमाखान पुलिस ने एनएच-353 स्थित सुवरमाल चौक के पास कार्रवाई करते हुए 16.820 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में एक 20 वर्षीय युवती को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके साथ मिले 16 वर्षीय किशोर को विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक के रूप में अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर 2026 को प्रशिक्षु उप निरीक्षक भुवन सिंह कंवर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सुवरमाल चौक में नायक मुर्गी दुकान के पास एक महिला और पुरुष ट्रॉली अटैची में गांजा लेकर बस का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा।
पूछताछ में युवती की पहचान कुमारी कामिनी खाण्डे (20) निवासी हरदी, थाना तखतपुर, जिला बिलासपुर तथा किशोर की पहचान धनंजय निर्मलकर (16) निवासी पथरिया, जिला मुंगेली के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके संयुक्त कब्जे वाली कत्था रंग की ट्रॉली अटैची से खाकी रंग के टेप में पैक किए गए छोटे-बड़े 8 पैकेट मिले।
पुलिस ने गांजे का वजन कराया, जो ट्रॉली बैग सहित 16.820 किलोग्राम पाया गया। इसकी अनुमानित कीमत 8 लाख 41 हजार रुपये बताई गई। इसके अलावा दोनों के कब्जे से एक-एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया, जिनकी कीमत करीब 20 हजार रुपये है। पुलिस ने कुल 8 लाख 61 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया।
पूछताछ में दोनों ने गांजा ओडिशा के एम. रामपुर से पथरिया, मुंगेली ले जाने की बात बताई। पुलिस ने गांजा और मोबाइल जब्त कर आरोपियों के विरुद्ध धारा 20(B)(II)(B), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू की है। युवती को विधिवत गिरफ्तार किया गया, जबकि नाबालिग को नियमानुसार विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक के रूप में कार्रवाई में लिया गया। मामले की विवेचना जारी है।



