महासमुंद, सितंबर 2026। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 मददगार साबित हो रही है। सरायपाली विकासखंड के ग्राम केन्दुढार निवासी 62 वर्षीय उग्रसेन नंदे की दो साल पुरानी पेंशन संबंधी समस्या का अब निराकरण हो गया है। शिकायत के बाद उन्हें मुख्यमंत्री पेंशन योजना का लाभ मिलने का रास्ता साफ हो गया है।
बताया गया कि उग्रसेन नंदे पिछले करीब दो वर्षों से वृद्धावस्था पेंशन प्राप्त करने के लिए ग्राम पंचायत और जनपद पंचायत में आवेदन कर रहे थे। पेंशन राशि नहीं मिलने के कारण उन्हें दैनिक जीवन-यापन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। लंबे समय तक समस्या का समाधान नहीं होने पर उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत समाज कल्याण विभाग महासमुंद के संज्ञान में आने के बाद उप संचालक श्रीमती संगीता सिंह ने मामले के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। इसके बाद प्रकरण की जांच और दस्तावेजों का परीक्षण किया गया। जांच में उग्रसेन नंदे मुख्यमंत्री पेंशन योजना के लिए पात्र पाए गए।
इसके बाद उनके पेंशन प्रकरण को संबंधित समिति की बैठक में अनुमोदित कराया गया। साथ ही पेंशन राशि का प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से उनके बैंक खाते में भुगतान सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक ऑनलाइन प्रविष्टि भी कर दी गई है।
अब आगामी समय में उग्रसेन नंदे को मुख्यमंत्री पेंशन योजना का नियमित लाभ मिलने की उम्मीद है। अपनी समस्या के समाधान के बाद उन्होंने राज्य शासन और प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित किया।



