महासमुंद : बेलसोंडा में आंगन मिलन सेवा से बढ़ा आत्मीय जुड़ाव
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और महतारी वंदन हितग्राही माताओं का श्रीफल भेंटकर सम्मान
महासमुंद, 03 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में संचालित आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के तहत ग्राम बेलसोंडा के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-3 में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं, गर्भवती व शिशुवती माताओं, वृद्धजनों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद सदस्य महासमुंद श्रीमती विजय लक्ष्मी जांगड़े थीं। अध्यक्षता जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती हुलसी चंद्राकर ने की। सरपंच श्रीमती प्रीति धीवर सहित वाणी तिवारी, सुधा साहू, छाया चंद्राकर, दिग्विजय साहू, शुभम बाघ, साजन यादव एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं को श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। जनप्रतिनिधियों ने आंगनबाड़ी केंद्र की गतिविधियों का अवलोकन किया तथा बच्चों, माताओं और हितग्राहियों से संवाद किया।
मुख्य अतिथि श्रीमती विजय लक्ष्मी जांगड़े ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा और पोषण के साथ-साथ माताओं, बच्चों एवं ग्रामीण परिवारों को शासन की योजनाओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उनके कार्यों का सम्मान करना समाज की जिम्मेदारी है।
जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती हुलसी चंद्राकर ने कहा कि आंगन मिलन सेवा से आंगनबाड़ी केंद्रों में आत्मीय वातावरण बन रहा है। इससे ग्रामीणों को बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा और महिलाओं के कल्याण से जुड़े विषयों पर चर्चा का अवसर मिल रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं से जागरूक होकर जुड़ने का आह्वान किया।
ग्रामीणों ने भी आंगन मिलन सेवा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से आंगनबाड़ी केंद्रों के प्रति लोगों का जुड़ाव बढ़ता है और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सहज रूप से मिलती है। कार्यक्रम का समापन आत्मीय संवाद एवं सामुदायिक सहभागिता के साथ हुआ।



