रायपुर/गौधाम योजना: 40 नए गौधाम की स्थापना को मंजूरी
पशुओं के बेहतर संरक्षण और देखभाल के लिए राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल
रायपुर, 06 अक्टूबर 2026। पशुधन विकास विभाग ने गौवंश के संरक्षण, संवर्धन और बेहतर देखभाल के लिए गौधाम योजना के अंतर्गत प्रदेश में 40 नए गौधाम की स्थापना को मंजूरी प्रदान की है। राज्य सरकार की इस पहल से गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ उनके लिए बेहतर देखभाल की व्यवस्था और आवश्यक अधोसंरचना विकसित करने में मदद मिलेगी।
पशुधन विकास विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार सरगुजा जिले के श्री विश्वनाथ गोविंद ग्राम पंचायत अंबिकापुर सहित बिलासपुर, सारंगढ़-बिलाईगढ़, रायपुर, दुर्ग, बेमेतरा, नारायणपुर और जशपुर जिलों में नए गौधाम स्थापित किए जाएंगे। इन गौधामों के माध्यम से गौवंशीय पशुओं के संरक्षण और उनके लिए आवश्यक सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा।
आदेश में छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग को निर्देशित किया गया है कि गौधाम स्थापना पर होने वाला समस्त व्यय योजना के प्रावधानों के अनुरूप राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड, रायपुर से प्राप्त राशि से किया जाए। योजना के तहत स्वीकृत राशि का उपयोग गौधाम में आवश्यक सुविधाओं और अधोसंरचना के विकास में किया जाएगा।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि गौवंशीय पशुओं को गौधाम में विस्थापित करने से पहले सभी आवश्यक अधोसंरचनात्मक व्यवस्थाएं पूरी तरह सुनिश्चित की जाएं। इसके अंतर्गत पर्याप्त पशु शेड, पानी, बिजली, फेंसिंग तथा पशुओं की सुरक्षा और देखभाल से संबंधित अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था करना अनिवार्य होगा।
राज्य सरकार का उद्देश्य गौधामों को ऐसी सुविधाओं से सुसज्जित करना है, जहां गौवंशीय पशुओं को सुरक्षित वातावरण में रखा जा सके और उनकी समुचित देखभाल सुनिश्चित हो। 40 नए गौधामों की स्थापना से प्रदेश में गौवंश संरक्षण एवं संवर्धन के प्रयासों को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।



