सिरपुर में अस्पताल संचालक पर चाकू से हमला, तीन के खिलाफ शिकायत
महासमुंद। तुमगांव थाना क्षेत्र के ग्राम सिरपुर में विवाद के बाद अस्पताल संचालक पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने हरि ध्रुव, राजेश ठाकुर और सुरेश मिरी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, शिकायतकर्ता वार्ड क्रमांक 06, ग्राम पुटपुरा, थाना कसडोल, जिला बलौदाबाजार का निवासी है और वर्तमान में अंबेडकर चौक सिरपुर में रहता है। वह ग्राम सिरपुर स्थित जे.पी. केयर अस्पताल का संचालक है। अस्पताल में राकेश साहू काम करता है।
बताया गया कि 6 अक्टूबर 2026 की रात राकेश साहू खाना खाने के लिए घर गया था। खाना खाकर वापस लौटते समय अंबेडकर चौक के पास हरि ध्रुव ने उसे रोका और साथ ले जाने के लिए कहा। मोटरसाइकिल पर नहीं बैठाने की बात को लेकर हरि ध्रुव ने गाली-गलौज की। इसके बाद राकेश साहू ने अस्पताल संचालक और अन्य लोगों को बुलाया। मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाइश दी गई और मामला शांत होने के बाद सभी अस्पताल लौट आए।
कुछ देर बाद राजेश ठाकुर ने फोन कर घटना के संबंध में जानकारी ली और अस्पताल पहुंचा। वहां उसने हरि ध्रुव से माफी मांगने के लिए कहा। शिकायतकर्ता के अनुसार, समस्या का समाधान अस्पताल के सामने ही करने के लिए बुलाया गया, लेकिन राजेश ठाकुर नहीं माना और सभी को साथ चलने के लिए कहने लगा।
इसके बाद रात करीब 9:30 बजे शिकायतकर्ता, राकेश साहू और टिकेश्वर साहू के साथ ग्राम सिरपुर स्थित लक्ष्मण मंदिर हॉस्टल के पास पहुंचे। वहां हरि ध्रुव और सुरेश मिरी पहले से मौजूद थे। आरोप है कि उन्हें देखते ही हरि ध्रुव ने तीनों के साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्के से मारपीट शुरू कर दी।
शिकायत के मुताबिक, इसी दौरान हरि ध्रुव ने हाथ में रखे धारदार चाकू से हमला किया। चाकू से गले में तीन वार और ठुड्डी पर एक वार किए जाने से शिकायतकर्ता को चोट लगी और खून निकलने लगा। वह खुद को बचाते हुए वहां से भागा, लेकिन आरोप है कि हरि ध्रुव, राजेश ठाकुर और सुरेश मिरी ने उसका पीछा किया और सामने आकर धमकाने लगे।
शिकायतकर्ता के अनुसार, उसका छोटा भाई राकेश साहू और टिकेश्वर साहू मौके पर पहुंचे और उसे आरोपियों से बचाकर मोटरसाइकिल से चौकी सिरपुर लेकर आए। इसके बाद उसने पुलिस से घटना की शिकायत करते हुए आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित ने रिपोर्ट में घटना से भयभीत होने की बात कहते हुए कहा है कि यदि उसके साथियों ने मौके पर पहुंचकर उसे नहीं बचाया होता तो उसके साथ गंभीर घटना हो सकती थी। पुलिस द्वारा शिकायत के आधार पर मामले की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।



