सड़क हादसे में पैदल जा रहे व्यक्ति को बाइक ने मारी टक्कर, गंभीर हालत में रायगढ़ रेफर
सारंगढ़, 08 अक्टूबर 2026। ग्राम भोजपुर में तेज रफ्तार और लापरवाही से मोटरसाइकिल चलाने के कारण पैदल जा रहे 59 वर्षीय गुरवारू भारद्वाज को पीछे से टक्कर लगने का मामला सामने आया है। हादसे में गुरवारू भारद्वाज को सिर, पैर और छाती में गंभीर चोटें आई हैं। उनका उपचार रायगढ़ के जिंदल अस्पताल में जारी है।
प्रार्थी भूपेन्द्र भारद्वाज, निवासी ग्राम भोजपुर, ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 04 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 6:30 बजे उसके चाचा गुरवारू भारद्वाज गांव के मेडिकल से सामान लेकर पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान भोजपुर के मुड़ा तालाब के पास सारंगढ़ की ओर से आ रही मोटरसाइकिल क्रमांक CG11 CA 4665 के चालक सुजीत उरांव ने वाहन को तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए पीछे से गुरवारू भारद्वाज को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद गुरवारू भारद्वाज और मोटरसाइकिल चालक दोनों सड़क पर गिर गए। हादसे में गुरवारू के सिर, पैर और छाती में चोटें आईं। आसपास के लोगों की मदद से दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल सारंगढ़ ले जाया गया। गुरवारू की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें रायगढ़ रेफर किया, जहां वर्तमान में जिंदल अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है।
आवेदन के अनुसार मोटरसाइकिल चालक सुजीत उरांव मूल रूप से ग्राम खम्हारडीह का रहने वाला है और वर्तमान में रायगढ़ में रहता है। प्रार्थी ने आरोप लगाया कि दुर्घटना के बाद चालक जिला अस्पताल में उपचार कराने के बाद वहां से चला गया।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने जांच के बाद धारा 281 एवं 125(ए) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। मामले में पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों और वाहन चालक की भूमिका की जांच की जा रही है।



