बसना/ में ढाबा संचालक से मारपीट, कुर्सियों और बर्तनों में तोड़फोड़ का आरोप
सिगरेट मांगने के दौरान हुआ विवाद, लकड़ी की पटनी से हमला कर किया घायल; दो युवकों पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप
बसना। महासमुंद जिले के बसना में गौरी लक्ष्मी ढाबा में देर रात विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। सिगरेट मांगने के दौरान शुरू हुआ विवाद मारपीट और तोड़फोड़ तक पहुंच गया। घटना में ढाबा संचालक के सिर में चोट लगने और खून निकलने की बात सामने आई है। पीड़ित ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कराकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित के अनुसार, वह बसना के वार्ड नंबर 14 का निवासी है और मजदूरी का काम करता है। दिनांक 10 अक्टूबर 2026 की रात करीब 1 बजे वह अपने गौरी लक्ष्मी ढाबा में बैठा हुआ था। इसी दौरान बरगांव निवासी साहिल कुमार और खेमड़ा निवासी रूपेश सेंदरिया ढाबे के पास पहुंचे। दोनों ने ढाबे में काम करने वाले राज चौहान को आवाज लगाकर सिगरेट मांगना शुरू कर दिया।पीड़ित ने जब दोनों युवकों से चिल्लाने का कारण पूछा, तो वे कथित तौर पर नाराज हो गए और गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि दोनों ने जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट शुरू कर दी। साहिल कुमार ने पास में रखी लकड़ी की पटनी से हमला किया, जबकि रूपेश सेंदरिया ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की।
मारपीट में सिर पर लगी चोट
पीड़ित के मुताबिक, मारपीट के दौरान उसके सिर में चोट लगी, जिससे खून निकलने लगा। शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोट आने से दर्द हो रहा है। आरोप है कि मारपीट के बाद साहिल कुमार ने ढाबे में रखी कुर्सियों और बर्तनों को इधर-उधर फेंककर तोड़फोड़ की। घटना के बाद दोनों युवक वहां से चले गए।
ढाबे में काम करने वाले कर्मचारी प्रत्यक्षदर्शी
पीड़ित ने बताया कि घटना के दौरान ढाबे में काम करने वाले राज चौहान, किशोर वर्मा और निर्मल दास मौके पर मौजूद थे। उन्होंने घटना को देखा और सुना है। पीड़ित ने अपनी रिपोर्ट में घटना का विवरण देते हुए आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।फिलहाल, मामले में पुलिस की कार्रवाई और जांच से संबंधित जानकारी उपलब्ध नहीं है।



