सिंघोड़ा: जमीन विवाद को लेकर युवती से गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी, तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
सिंघोड़ा। 10 अक्टूबर 2026 महासमुंद जिले के सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम घाटकछार में जमीन संबंधी विवाद को लेकर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने गांव के तीन लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(2) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम घाटकछार निवासी श्वेता नंद (19 वर्ष), पिता सुरेश नंद ने 10 अक्टूबर 2026 को थाना सिंघोड़ा में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 9 अक्टूबर की रात करीब 8:30 बजे वह अपनी दादी नेतो नंद और अपने बड़े दिव्यांग भाई हेमकुमार नंद के साथ घर पर थी। इसी दौरान गांव के गोपाल कुम्हार, उनकी पत्नी उमा कुम्हार और उनकी भतीजी सलोनी कुम्हार घर के बाहर पहुंचे।
जमीन विवाद को लेकर विवाद करने का आरोप शिकायत के अनुसार, जमीन संबंधी विवाद को लेकर तीनों ने कथित तौर पर अश्लील गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान गांव के कोटवार हरिहर बेताल भी मौके पर पहुंचे। आरोप है कि कोटवार ने गाली-गलौज करने से मना किया तो उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया तथा उन्हें कोटवारी पद से हटवाने की धमकी दी गई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पीड़िता की लिखित शिकायत पर प्रथम दृष्टया अपराध घटित होना पाए जाने पर सिंघोड़ा पुलिस ने गोपाल कुम्हार, उमा कुम्हार और सलोनी कुम्हार के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।



