बसना / लंबित बीमा राशि मिलने पर बीमा कंपनी एवं सरकार के प्रति किसानों का विश्वास बढ़ा
– बसना विखं के सैकड़ों किसानों की लंबित फसल बीमा राशि लंबे संघर्ष और काफी जद्दोजहद के बाद मिलने से जहाँ किसानों के चेहरे पर खुशी लौटी है, वहीं बीमा कंपनी के प्रति विश्वास भी बढ़ा है। बसना विखं के ग्राम रोहिना, बिछिया, कापूडीह, दुलारपाली के किसानों के खातों में बीमा की राशि जमा होने की जानकारी मिलने पर किसानों ने खुशी जाहिर की है। रोहिना गांव में करीब 3 सौ एकड़ में ली गई गेंहू फसल का बीमा कराया गया था। प्रति एकड़ करीब 6700 रु. के मान से बीमा राशि प्राप्त होने की जानकारी दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार बसना विखं के करीब दर्जन भर गांवों के सैकड़ों किसानों ने रबी सीजन 2023 में गेहूं फसल के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमा कराया था। 20 मार्च को हुई बेमौसम बारिश एवं ओलावृष्टि से रोहिना क्षेत्र में रबी फसल को काफी नुकसान पहुंचा था। फसल क्षति का आकलन राजस्व, कृषि विभाग एवं बीमा कंपनी द्वारा कराया गया। फसल कटाई प्रयोग की जानकारी भी शासन को भेजी गई थी मगर बीमा राशि मिलने में काफी विलंब हो रहा था।
अमूमन फसल बीमा की राशि जून महीने में मिल जाना चाहिए था मगर जब जुलाई महीने में भी बीमा राशि नहीं मिली तो किसानों ने इसकी जानकारी कृषि विभाग, राजस्व एवं बीमा कंपनी से ली गई मगर सटीक जानकारी के अभाव में किसान सरकारी दफ्तरों का चक्कर काटने विवश थे। किसानों ने बताया कि कृषि विभाग का कहना था कि फसल कटाई प्रयोग संबंधी जानकारी उच्च कार्यालय को भेज दिया गया है मगर बीमा कंपनी की टोल फ्री नंबर पर बात करने पर बताया गया कि बसना ब्लॉक का डाटा ही उपलब्ध नहीं है। किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल दिनांक 31.07.2024 को उपसंचालक, संचालक कृषि, कलेक्टर महासमुन्द एवं बीमा कंपनी के क्षेत्रीय प्रबंधक से मिलकर बीमा राशि दिलाये जाने की मांग की गई। इसके लिए डीडीए महासमुंद, भू अभिलेख शाखा महासमुंद, संचालनालय कृषि एवं बीमा कंपनी से तिलमेल बिठाते हुए डाटा उपलब्ध कराया गया। क्षेत्रीय प्रबंधक बीमा कंपनी से संपर्क किया गया तो किसानों को आश्वस्त किया गया कि फसल कटाई प्रयोग का डेटा मिल जाता है तो हफ्ते पंद्रह दिन के भीतर फसल बीमा की राशि किसानों के खाते में जमा हो जाएगी।
बीमा राशि को लेकर किसानों ने जनप्रतिनिधियों से भी गुहार लगाई। विधायक चातुरी नंद ने किसानों से जुड़े इस मामले को विधानसभा पटल पर रखी। सांसद रूपकुमारी चौधरी से किसानों ने मिलकर ने बीमा राशि जल्द दिलाए जाने मांग रखी थी जिस पर जल्द बीमा राशि मिलने का आश्वासन दिया गया । ग्राम रोहिना के बसंत नायक, दिवाकर साहू, विजय साहू, चूड़ामणि साहू, गिरधारी साहू, रूपानंद साहू, वीरेंद्र सेठ आदि किसानों ने बताया कि बीमा राशि मिलने से किसानों का बीमा कंपनी एवं सरकार के प्रति विश्वास बढ़ा है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।
*किसानों की जरूरत के समय मिली बीमा राशि*
प्राकृतिक आपदा के समय फसल के लिये प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सुरक्षा कवच है। कुछ तकनीकी समस्या के चलते बीमा राशि प्राप्त होने में विलंब जरूर हुआ है। कृषि विभाग का हमेशा किसानों के साथ सहयोग बना रहा है जिसके चलते बीमा राशि मिली है। बीमा राशि ऐसे समय में प्राप्त हुई है जब किसानों को खाद दवा, निंदाई गुड़ाई के लिये पैसे की आवश्यकता है।परमानंद सामलवरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी बसना



