सरायपाली : अज्ञात वाहन की ठोकर से युवक की मौत, आरोपी वाहन चालक के विरुद्ध अपराध दर्ज
सरायपाली। थाना सरायपाली क्षेत्र अंतर्गत एक सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।
थाना सरायपाली से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक प्रहलाद बेहरा पिता फकिरो बेहरा (निवासी वार्ड नं. 15, डीपापारा, सरायपाली) दिनांक 01 मई 2025 को मोटरसाइकिल से सब्जी लेने सरायपाली बाजार आया था। शाम लगभग 6 बजे घर लौटते समय सरायपाली सब्जी बाजार मेन रोड के पास किसी अज्ञात वाहन चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में प्रहलाद बेहरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल को तत्काल 108 एम्बुलेंस से सीएचसी सरायपाली ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल महासमुंद रेफर किया। वहां जांच के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना महासमुंद द्वारा दर्ज दिनांक 23/07/2025 मर्ग डायरी क्रमांक 0/30/2025 धारा 194 बीएनएसएस को थाना सरायपाली लाकर असल मर्ग क्रमांक 53/2025 कायम किया गया। जांच में यह पाया गया कि अज्ञात वाहन चालक की लापरवाही के कारण ही प्रहलाद बेहरा की मौत हुई। पुलिस ने आरोपी वाहन चालक के विरुद्ध धारा 106(1) बीएनएस एवं मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।



