महासमुंद/ग्राम घोडारी अज्ञात वाहन की टक्कर से इलेक्ट्रिक ऑटो हादसा, 1 की मौत, कई मजदूर घायल – अपराध दर्ज
ग्राम घोडारी (जिला महासमुंद), 26 जुलाई 2025 – 9एम दवाई फैक्ट्री, बिरकोनी में काम करने जा रहे मजदूरों से भरे एक इलेक्ट्रिक ऑटो को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में एक युवती की मौत हो गई, जबकि सात से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ धारा 106(1)-BNS, 125(a)-BNS, 281-BNS के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना ग्राम घोडारी निवासी मजदूरों का एक दल, जिनमें संध्या ओगरे, शितल भारती, ट्विंकल बंजारे, शारदा परमार, डिगेश्वरी ओगरे, सरिता परमार, चंद्रमुखी बंजारे और अनिशा सतनामी शामिल थीं, सुबह लगभग 08:00 बजे अविनाश तिवारी के इलेक्ट्रिक ऑटो (क्रमांक CG06 HC 9485) से बिरकोनी स्थित 9एम दवाई फैक्ट्री जा रहे थे।
करीब 08:15 बजे बरबसपुर मोड़ के पास ग्राम बिरकोनी के निकट एक अज्ञात वाहन ने तेज और लापरवाह गति से ऑटो में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर के कारण ऑटो पलट गया, जिससे सभी मजदूर घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल, महासमुंद ले जाया गया।
एक युवती की मौत: इलाज के दौरान डॉक्टरों ने अनिशा सतनामी (पिता देवदास सतनामी, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम घोडारी) को मृत घोषित कर दिया। बाकी घायल मजदूरों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
पुलिस की कार्यवाही: घटना की सूचना पर बिरकोनी पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ 106(1)-BNS, 125(a)-BNS, 281-BNS के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी वाहन और चालक की पहचान की जा सके।



