महासमुंद: घरेलू विवाद में लकड़ी के डंडे से हमला, दो घायल
महासमुंद। वार्ड क्रमांक 04 नयापारा में पारिवारिक विवाद मारपीट में बदल गया, जिसमें दो लोग घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 अगस्त 2025 की शाम करीब 4 बजे शिकायतकर्ता अपने घर पर मौजूद था, तभी उसके छोटे भाई शाखा उर्फ काकू सांवरा के साले राजा सांवरा, अक्षय सांवरा एवं राजू सांवरा ने घर में रह रहे शाखा को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी।
शिकायतकर्ता के अनुसार, विवाद शांत कराने के प्रयास पर राजा सांवरा और अक्षय सांवरा ने लकड़ी के डंडे से उसके सिर पर हमला किया, जबकि राजू सांवरा ने उसके भाई हरेश सांवरा को हाथ-मुक्कों से मारपीट कर घायल कर दिया। घटना में शिकायतकर्ता को सिर में चोट लगी, वहीं हरेश सांवरा को दाहिने हाथ की उंगली और बाएं पैर की जांघ में चोट आई।
घटना की जानकारी मिलने पर दोनों घायलों को जिला अस्पताल महासमुंद में इलाज कराया गया। मामले में थाना पुलिस ने शिकायत पर 115(2)-BNS, 296-BNS, 3(5)-BNS एवं 351(3)-BNS के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



