महासमुंद/तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल
कोमाखान (महासमुंद)। ग्राम नवागांव (सोहागपुर) निवासी गणेश राम साहू (पिता शिवचरण साहू) गंभीर रूप से घायल हो गए, जब उनकी मोटरसाइकिल को एक तेज और लापरवाहीपूर्वक चल रही बाइक ने पीछे से टक्कर मार दी।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना 11 अगस्त 2025 की सुबह लगभग 9 बजे हिमांशु पेट्रोल पंप के आगे पोल्ट्री फार्म के पास मोड़ पर हुई। गणेश राम साहू बागबाहरा से सब्जी लेकर अपने घर लौट रहे थे, तभी मोटरसाइकिल क्रमांक CG-04-DS-7632 के चालक ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर से वे सड़क पर गिर पड़े और उनके बाएं पैर की हड्डी टूट गई। इस हादसे में रास्ते में रखी सारी सब्जी भी बिखर गई, जिससे आर्थिक नुकसान हुआ।
परिजनों के अनुसार, आरोपी चालक घायल को मौके पर छोड़कर भाग गया। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को महासमुंद अस्पताल में भर्ती कराया। घटना के प्रत्यक्षदर्शी खिलेश साहू (मोंगरापाली) और नीलांबर बघेल (बांसकांटा) बताए गए हैं।
शिवचरण साहू ने थाना कोमाखान में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी चालक के खिलाफ BNS की धारा 125(ए) और 281 के तहत कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



