महासमुंद: ग्राम चिरको तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार घायल, रिपोर्ट दर्ज
महासमुंद। ग्राम चिरको थाना पटेवा निवासी हरिलाल साहू (मामा) गुरुवार 15 अगस्त 2025 को अपने TVS सुपर एक्सल मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 04 MU 9401) से ग्राम बोड़रा से चिरको जा रहे थे। दोपहर करीब 3 बजे जब वे NH-53 रोड पर पटेवा बस स्टैंड के पास रोड क्रॉस कर रहे थे, तभी झलप की ओर से आ रहा ट्रेलर ट्रक (क्रमांक CG 04 MM 8121) तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाते हुए आया और उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में हरिलाल साहू के दाहिने पैर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उन्हें डायल 112 की सहायता से सरकारी अस्पताल तुमगांव ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल महासमुंद रेफर कर भर्ती किया गया।
प्रत्यक्षदर्शी देवेन्द्र साहू और अन्य ग्रामीणों के अनुसार ट्रक चालक की लापरवाही से यह हादसा हुआ। मामले में थाना पटेवा पुलिस ने धारा 125(ए)-BNS एवं 281-BNS के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।



