महासमुंद: ओडिशा से नशीली दवाइयाँ लाकर बेच रहा था युवक, पुलिस ने किया रंगे हाथ गिरफ्तार
महासमुंद। जिले की पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्यवाही करते हुए 23 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से नशीली सिरप और इंजेक्शन की सप्लाई करता था। पुलिस ने उसे दलदली–सोरिद रोड स्थित आंगनबाड़ी के पास पकड़ने में सफलता हासिल की।
मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का नाम प्रवीण साहू पिता महेश साहू उम्र 23 वर्ष निवासी वार्ड नंबर 11 नयापारा महासमुंद है। बताया जा रहा है कि वह ओडिशा के पदमपुर निवासी सुशांत प्रधान से नशीली दवाइयाँ (सिरप एवं इंजेक्शन) खरीदकर लाता था और जिले में उसकी बिक्री करता था।
पुलिस के मुताबिक, युवक पिछले लगभग एक साल से नशीली दवाओं का अवैध व्यापार कर रहा था। शनिवार 16 अगस्त की शाम सूचना के आधार पर जब पुलिस ने दबिश दी तो आरोपी को अवैध नशीली दवाओं के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार युवक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।



