महासमुंद/मोंगरापाली पुल के पास सड़क हादसे में व्यक्ति की मौत, अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध अपराध दर्ज
महासमुंद। थाना तेन्दुकोना क्षेत्र अंतर्गत मोंगरापाली पुल के पास सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें 45 वर्षीय चैतराम ठाकुर पिता मंगल सिंह ठाकुर निवासी ग्राम बिहाझर, थाना बागबाहरा की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 18 अगस्त 2025 की शाम चैतराम ठाकुर अपने भांजे भुनेश्वर ठाकुर की मोटरसाइकिल HF डीलक्स क्रमांक CG 06 GJ 0644 लेकर अपने नाती को ग्राम पंडरीखार छोड़कर घर वापस लौट रहे थे। इस दौरान मोंगरापाली पुल के पास मेन रोड पर एक अज्ञात वाहन के चालक ने तेजी और लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चैतराम ठाकुर को सिर एवं शरीर में गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों एवं परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मृतक के पुत्र सुशील ठाकुर ने थाना तेन्दुकोना पहुंचकर जुबानी रिपोर्ट दर्ज कराई।
थाना प्रभारी तेन्दुकोना ने बताया कि घटना स्थल निरीक्षण, गवाहों एवं परिजनों के कथन से यह स्पष्ट हुआ है कि मृतक की मौत अज्ञात वाहन चालक द्वारा तेज एवं लापरवाह ड्राइविंग के कारण हुई है। मर्ग जांच पर प्रथम दृष्टया धारा 281, 125(ए), 106(1) भारतीय दंड संहिता (BNS) तथा धारा 184 मोटरयान अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम उपरांत परिजनों को सौंप दिया है। वहीं अज्ञात वाहन चालक की तलाश जारी है।



