महासमुंद, 24 अगस्त 2025। सरायपाली विकासखण्ड के ग्राम जोगनीपाली में शनिवार को किसानों के बीच आधुनिक कृषि तकनीक का प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर ड्रोन तकनीक के माध्यम से फसलों पर नैनो यूरिया का छिड़काव किया गया।
ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी श्री जितेंद्र पटेल ने किसानों को पारंपरिक यूरिया की तुलना में नैनो यूरिया के फायदे बताए। उन्होंने कहा कि नैनो यूरिया के प्रयोग से किसानों की लागत घटेगी, मिट्टी की उर्वरता बढ़ेगी और पर्यावरण को भी लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में वरिष्ठ कृषक श्री अमृत पटेल, भोगलाल चौधरी, नेहरू चौधरी, चुम्बन लाल, बाबूलाल चौधरी, फागु लाल, शिवप्रसाद, वासुदेव साहू, गणेश साहू सहित लगभग 30 किसान शामिल हुए। सभी किसानों ने नैनो यूरिया तकनीक को कृषि के लिए उपयोगी और किफायती बताया।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि इस तकनीक के प्रसार से क्षेत्र के किसानों को फसल उत्पादन में बढ़ोतरी और मुनाफ़ा मिलेगा।



