सरायपाली /ग्राम काकेनचुवा में पारिवारिक विवाद ने लिया हिंसक रूप, चाचा ने भतीजे के सिर पर डंडे से किया हमला
सरायपाली | महासमुंद थाना सरायपाली अंतर्गत ग्राम काकेनचुवा में 3 जनवरी 2026 की रात करीब 10 बजे आपसी बातचीत के दौरान पारिवारिक विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। गांव निवासी किसान नोवीचंद सिदार (40 वर्ष) पर उनके ही चाचा मुरलीप्रसाद दीवान (45 वर्ष) ने बांस के डंडे से हमला कर दिया, जिससे नोवीचंद के सिर में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के समय नोवीचंद सिदार गांव के सुरीतलाल सिदार, माखनलाल सिदार, देवकुमार सिदार और होरीलाल सिदार के साथ नीलाम्बर दीवान के घर के बाहर परछी में बैठकर बातचीत कर रहे थे। तभी मुरलीप्रसाद दीवान मौके पर पहुंचे और मां-बहन की अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उन्होंने हाथ में रखे बांस के डंडे से नोवीचंद के सिर पर वार कर दिया।
घटना को साथ बैठे ग्रामीणों ने देखा और बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति को शांत कराया। घायल नोवीचंद सिदार ने थाना सरायपाली में लिखित आवेदन देकर आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने मामले में धारा 115(2), 296 एवं 351(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।



