महासमुंद/ तेज रफ्तार बनी मौत का कारण! स्कूटी–बाइक की आमने-सामने टक्कर, बुजुर्ग व्यक्ति की दर्दनाक मौत
महासमुंद। शहर के 20वीं बटालियन परसदा के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे में 50 वर्षीय व्यक्ति की जान चली गई। यह हादसा तब हुआ जब मृतक अपने गांव लौट रहा था और सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उसकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कौंदकेरा निवासी नंदकुमार दुबे (50 वर्ष) दिनांक 15 दिसंबर 2025 की रात लगभग 7:30 बजे अपनी स्कूटी (क्रमांक CG 06 HE 8411) से घर जा रहे थे। जैसे ही वे 20वीं बटालियन परसदा के पास पहुंचे, सामने से आ रही पल्सर मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 04 QB 3733) के चालक ने लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाते हुए उनकी स्कूटी को सामने से टक्कर मार दी।
हादसे में गंभीर रूप से घायल नंदकुमार दुबे को तत्काल जिला अस्पताल महासमुंद ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान रात 9:35 बजे उनकी मृत्यु हो गई। अस्पताल की सूचना पर वार्ड ब्वाय भूपेंद्र गिरी द्वारा थाना सिटी कोतवाली महासमुंद में मर्ग की सूचना दी गई।
पुलिस ने मर्ग क्रमांक 198/25 धारा 194 BNSS के तहत मर्ग कायम कर शव पंचनामा एवं जांच कार्यवाही शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मोटरसाइकिल चालक का कृत्य धारा 106(1) BNS के तहत अपराध पाया गया है। मामले की सूचना एसडीएम महासमुंद को भी प्रेषित कर दी गई है।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरनाक परिणामों की ओर ध्यान खींचा है।



