बसना/ तेज रफ्तार कार ने ली युवक की जान: स्कूटी को पीछे से मारी टक्कर, एक की मौत, दूसरा गंभीर
बसना–बिलाईगढ़ रोड | ग्राम गोडमर्रा के पास रात्रि के समय हुई एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा कार चालक की लापरवाही व खतरनाक ड्राइविंग के कारण होना बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम ताला निवासी नीतिन प्रधान अपने मित्र समीर बारिक के साथ स्कूटी डेस्टिनी (क्रमांक CG23L6785) से घरेलू कार्य से पिरदा गए थे। दिनांक 03 जनवरी 2025 की रात करीब 9:30 बजे, जब वे पिरदा से वापस अपने गांव ताला लौट रहे थे, तभी बसना–बिलाईगढ़ रोड पर ग्राम गोडमर्रा के पास पीछे से आ रही मारुति स्विफ्ट कार (क्रमांक CG06GZ9597) के चालक ने वाहन को लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि नीतिन प्रधान के सिर, चेहरे और दाहिने पैर में गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक रक्तस्राव हुआ, वहीं समीर बारिक के चेहरे में चोट लगी। घटना के बाद डायल 112 के माध्यम से दोनों को सरकारी अस्पताल बसना लाया गया, जहां डॉक्टरों ने नीतिन प्रधान को मृत घोषित कर दिया। घायल समीर बारिक को बेहतर उपचार के लिए अग्रवाल नर्सिंग होम, बसना रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
मृतक नीतिन प्रधान का 04 जनवरी 2026 को पोस्टमार्टम एवं अंतिम संस्कार किया गया। इसके पश्चात परिजनों द्वारा थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले में धारा 184 LKS, 106(1) BNS, 125(a) BNS एवं 281 BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
👉 पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि रात्रि में गति पर नियंत्रण रखें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि ऐसे दर्दनाक हादसों से बचा जा सके।



