सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में किसानों को गुणवत्तायुक्त खाद, बीज और कीटनाशक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने औचक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 6 निजी खाद विक्रय केंद्रों के अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश और उप संचालक कृषि आशुतोष श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में की गई। उर्वरक निरीक्षकों की टीम ने सहकारी और निजी विक्रय केंद्रों का निरीक्षण कर दस्तावेजों और भंडारण व्यवस्था की जांच की। निरीक्षण के दौरान जिन संस्थानों पर कार्रवाई की गई, उनमें मेसर्स दिलीप ट्रेडर्स हरदी, साहू कृषि केंद्र मल्दा अ, मेसर्स धनलक्ष्मी ट्रेडर्स जोरापाली, मेसर्स पुष्पराज केशरवानी भटगांव, मेसर्स आनंद ट्रेडर्स एवं कृषि केंद्र सरसीवां तथा मेसर्स साहू खाद भंडार पवनी शामिल हैं। इन सभी संस्थानों में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर अनुज्ञप्ति निलंबित की गई। कृषि विभाग के अनुसार, निरीक्षण के दौरान भंडारण व्यवस्था, बिक्री रिकॉर्ड और आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई, जिसमें कई अनियमितताएं सामने आईं। इसी आधार पर यह कार्रवाई की गई है। इस अभियान में उर्वरक निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, बीटीएम मायाशंकर जोल्हे और प्रकाश कुमार थवाईत सहित संबंधित टीम के सदस्य शामिल रहे। अधिकारियों ने विकासखंड बिलाईगढ़ और सारंगढ़ क्षेत्र के विभिन्न खाद विक्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसानों को गुणवत्तायुक्त कृषि सामग्री उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अनियमितता या कालाबाजारी पाए जाने पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के खाद विक्रेताओं में हड़कंप मच गया है। विभाग ने सभी विक्रेताओं को नियमों का पालन करने और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, 6 खाद दुकानों के लाइसेंस निलंबित
RECENT POSTS



