रायपुर : खेल अकादमियों में प्रवेश के लिए 169 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
तीरंदाजी, एथलेटिक्स, हॉकी और फुटबॉल अकादमी में प्रवेश के लिए दो दिवसीय चयन ट्रायल संपन्न
रायपुर, 1 अक्टूबर 2026। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए रायपुर स्थित विभिन्न गैर-आवासीय खेल अकादमियों में खिलाड़ियों के प्रवेश (नवीनीकरण एवं नवीन प्रवेश) हेतु आयोजित दो दिवसीय चयन ट्रायल आज संपन्न हुआ। इस दौरान तीरंदाजी, एथलेटिक्स, हॉकी और फुटबॉल में खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया।
तीरंदाजी (बालक/बालिका) का चयन ट्रायल तीरंदाजी एरिना के सामने, फुटबॉल (बालिका) एवं एथलेटिक्स (बालक/बालिका) का ट्रायल स्वामी विवेकानंद स्टेडियम कोटा तथा हॉकी (बालक/बालिका) का ट्रायल हॉकी स्टेडियम पिच-2 में आयोजित किया गया। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ विभिन्न खेल विधाओं में अपनी दक्षता प्रदर्शित की।
चयन ट्रायल के अंतिम दिन चारों खेलों में पंजीकृत कुल 169 खिलाड़ियों की कौशल दक्षता का कड़ाई से परीक्षण किया गया। वरिष्ठ प्रशिक्षकों एवं खेल विशेषज्ञों ने हॉकी के 57, फुटबॉल के 57, तीरंदाजी के 23 और एथलेटिक्स के 32 खिलाड़ियों के खेल कौशल का परीक्षण किया। खिलाड़ियों के सटीक मूल्यांकन के लिए संबंधित खेलों के निर्धारित मानकों के आधार पर दक्षता परीक्षण लिया गया।
फुटबॉल में पासिंग और ड्रिबलिंग का परीक्षण
फुटबॉल में प्रशिक्षकों एवं विशेषज्ञों ने खिलाड़ियों की पासिंग, ड्रिबलिंग, व्यक्तिगत पोजीशन, मैच सेंस और पोजिशनिंग गेम जैसी तकनीकी क्षमताओं का परीक्षण किया। खिलाड़ियों की मैदान पर निर्णय लेने की क्षमता और खेल के दौरान अपनी स्थिति के अनुरूप प्रदर्शन का भी आकलन किया गया।
तीरंदाजी में तकनीकी दक्षता परखी
आर्चरी यानी तीरंदाजी में खिलाड़ियों की ड्रॉ लेंथ, आई डोमिनेंस, पोस्चर, मेंटल एबिलिटी तथा 20 मीटर शूटिंग का परीक्षण किया गया। इन परीक्षणों के माध्यम से खिलाड़ियों की तकनीकी दक्षता, एकाग्रता और निशानेबाजी क्षमता का मूल्यांकन किया गया।
एथलेटिक्स में विभिन्न स्पर्धाओं का परीक्षण
एथलेटिक्स में खिलाड़ियों को अलग-अलग ट्रैक एवं फील्ड स्पर्धाओं में अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिला। इनमें 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, 1500 मीटर और 3000 मीटर दौड़, पैदल चाल, हाई जंप, लॉन्ग जंप, गोला फेंक, तवा फेंक और भाला फेंक सहित विभिन्न स्पर्धाओं का परीक्षण किया गया।
हॉकी में तकनीकी कौशल का बारीकी से आकलन
हॉकी में परफेक्शन और एक्युरेसी स्किल टेस्ट के तहत खिलाड़ियों के विभिन्न तकनीकी कौशल का बारीकी से परीक्षण किया गया। इसमें हिट, पुश, स्कूप, स्टॉपिंग, रिसीविंग, टैकलिंग, क्लीयरेंस, पेनल्टी कॉर्नर इंजेक्टर, ड्रैगर और हिटर जैसी क्षमताओं का आकलन किया गया। वहीं गोलकीपर के लिए टी-टेस्ट सहित आवश्यक तकनीकी योग्यताओं की भी जांच की गई।
दो दिवसीय चयन ट्रायल के दौरान वरिष्ठ प्रशिक्षकों और विशेषज्ञों ने खेल के निर्धारित मानकों के अनुसार खिलाड़ियों की प्रतिभा एवं कौशल का मूल्यांकन किया। चयन प्रक्रिया के माध्यम से खेल अकादमियों के लिए योग्य खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।



