छत्तीसगढ़ में तेन्दूपत्ता संग्राहक परिवारों के लिए बड़ी राहत, राजमोहिनी देवी योजना के तहत 169 परिवारों को ₹2.42 करोड़ जारी
वन मंत्री श्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में संकट के समय तेन्दूपत्ता संग्राहकों को मिला बड़ा आर्थिक संबल
रायपुर, 01 अक्टूबर 2026। प्रदेश के तेन्दूपत्ता संग्राहक परिवारों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में राजमोहिनी देवी तेन्दूपत्ता संग्राहक सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत 169 परिवारों को कुल 2 करोड़ 42 लाख 40 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। वन मंत्री श्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ द्वारा सहायता राशि सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में डिजिटल माध्यम से अंतरित की गई।
डिजिटल भुगतान की शुरुआत रायगढ़ जिले के चिमटापानी समिति के श्री मिथिलेश सिदार और दंतेवाड़ा जिले के नकुलनार समिति के श्री गल्ले वीटी के बैंक खातों में सहायता राशि अंतरित कर की गई।
योजना के तहत दुर्घटना मृत्यु के 4 प्रकरणों में 4-4 लाख रुपए तथा सामान्य मृत्यु या स्थायी विकलांगता के 103 प्रकरणों में 2-2 लाख रुपए की सहायता स्वीकृत की गई। इसी प्रकार 50 से 59 वर्ष आयु वर्ग में दुर्घटना मृत्यु या स्थायी विकलांगता के 4 प्रकरणों में 75-75 हजार रुपए तथा सामान्य मृत्यु के 58 प्रकरणों में 30-30 हजार रुपए की सहायता प्रदान की गई।
18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के लिए सहायता का प्रावधान
राजमोहिनी देवी तेन्दूपत्ता संग्राहक सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग में परिवार के मुखिया की सामान्य मृत्यु या स्थायी विकलांगता होने पर 2 लाख रुपए, दुर्घटना मृत्यु पर 4 लाख रुपए तथा आंशिक विकलांगता पर 1 लाख रुपए की सहायता देने का प्रावधान है।
50 से 59 वर्ष आयु वर्ग को भी आर्थिक सहायता
इसी प्रकार 50 से 59 वर्ष आयु वर्ग में सामान्य मृत्यु होने पर 30 हजार रुपए, दुर्घटना मृत्यु या स्थायी विकलांगता पर 75 हजार रुपए तथा आंशिक विकलांगता पर 37 हजार 500 रुपए की सहायता प्रदान की जाती है।
योजना के माध्यम से तेन्दूपत्ता संग्रहण से जुड़े परिवारों को परिवार के मुखिया की मृत्यु अथवा विकलांगता जैसी विपरीत परिस्थितियों में सीधे आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर सामाजिक सुरक्षा प्रदान की जा रही है। इससे संकट के समय प्रभावित परिवारों को आर्थिक संबल मिल रहा है।
राज्य लघु वनोपज संघ के कार्यक्रम में जारी हुई राशि
राज्य लघु वनोपज संघ के मुख्य कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में संघ के अध्यक्ष श्री रूपसाय सलाम, उपाध्यक्ष श्री यज्ञदत्त शर्मा और प्रबंध संचालक श्रीमती संजीता गुप्ता की उपस्थिति में हितग्राहियों के लिए सहायता राशि जारी की गई। डिजिटल माध्यम से राशि सीधे बैंक खातों में अंतरित किए जाने से योजना की सहायता पारदर्शी एवं त्वरित तरीके से हितग्राहियों तक पहुंचाई गई।



