
बसना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 49 नग प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप के साथ तीन लोगों को पकड़ा है। इनमें एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 4,900 एमएल कफ सिरप तथा परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 59,968 रुपये बताई गई है।
मोटरसाइकिल मोड़कर भागने का प्रयास
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को थाना बसना में पदस्थ पीएसआई अंजली प्रधान हमराह पुलिस स्टाफ के साथ पलसापाली बेरियर पर संदिग्ध वाहन चेकिंग कर रही थीं। इसी दौरान ओडिशा की ओर से एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस चेकिंग देखकर वे घबराकर मोटरसाइकिल मोड़कर भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस टीम ने उन्हें रोककर पूछताछ की।
पूछताछ में युवकों ने अपनी पहचान भुवन साहू (19 वर्ष), लक्ष्मीनारायण सिंह ठाकुर (20 वर्ष), दोनों निवासी रायपुर तथा एक 16 वर्षीय विधि से संघर्षरत बालक के रूप में बताई। प्रारंभिक पूछताछ में उन्होंने ओडिशा से नशीली कफ सिरप खरीदकर बिक्री के लिए रायपुर ले जाना बताया।
नशीली सिरप की 49 शीशियां बरामद
इसके बाद पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी की कार्रवाई की। तलाशी के दौरान उनके संयुक्त कब्जे में रखे महरून रंग के पिट्ठू बैग से कोडीन फॉस्फेट एवं ट्रिप्रोलिडीन हाइड्रोक्लोराइड युक्त Wincerex Cough Syrup की कुल 49 शीशियां बरामद हुईं। प्रत्येक शीशी 100 एमएल की थी। बरामद सिरप की कुल मात्रा 4,900 एमएल तथा कीमत 9,968 रुपये आंकी गई।
पुलिस ने नशीली सिरप के परिवहन में प्रयुक्त काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG04 PM 3362, जिसकी कीमत लगभग 50 हजार रुपये है, को भी जब्त किया है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध
पुलिस ने तीनों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की। आरोपियों को 31 अक्टूबर 2026 को क्रमशः रात 10:30 बजे, 10:35 बजे और 10:40 बजे गिरफ्तार किया गया। विधि से संघर्षरत बालक के संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई।




