तुमगांव : ग्राम भोरिंग बस संचालक से मारपीट व जान से मारने की धमकी, रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंचे पीड़ित
महासमुंद। थाना तुमगांव क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भोरिंग निवासी एवं बस संचालक येतेन्द्र साहू ने गांव गढ़सिवनी निवासी रिंकू ध्रुव एवं उसके तीन साथियों पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए थाना प्रभारी को लिखित आवेदन सौंपा है।
आवेदन में बताया गया है कि दिनांक 02 सितंबर 2025 की शाम करीब 3 बजे जब वे एनएच-53 पर यात्री प्रतीक्षालय के पास पहुंचे, तभी आरोपी रिंकू ध्रुव अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और नशे की हालत में उनसे पैसों की मांग करने लगा। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए धारदार चाकू दिखाकर डराने-धमकाने के साथ मारपीट की।
पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने धमकी दी कि जब उसकी बस गढ़सिवनी गांव की तरफ आएगी, तो उसे तोड़फोड़ कर जला देंगे। साहू ने आशंका जताई है कि भविष्य में यदि उनके साथ या उनकी बस को कोई क्षति पहुंचती है तो इसके जिम्मेदार रिंकू ध्रुव एवं उसके साथी होंगे।
प्रकरण में पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर जांच प्रारंभ की है। प्रार्थी ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 115(2)-BNS, 296-BNS, 3(5)-BNS, 351(3)-BNS के तहत कार्रवाई की मांग की है।



