महासमुन्द : 92 पेड़ काटने पर 36 ग्रामीण गिरफ्तार की खबर सड़क न बनने से जताई नाराज़गी बलौदा बाजार के ग्रामीण भी शामिल?
महासमुन्द से संवाददाता मोनेन्द्र कुमार व्यवहार की रिपोर्ट / कल महासमुंद जिले के वन विकास निगम सिरपुर रेंज अंतर्गत कक्ष क्रमांक 176 में बिना अनुमति मिश्रित व सागौन के पेड़ काटने पर वन अमले ने बड़ी कार्रवाई की है। वन विभाग ने 36 ग्रामीणों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया। 
जानकारी के अनुसार, बलौदाबाजार जिले के कसडोल विकासखंड अंतर्गत वनग्राम छतालडबरा आदिवासी बहुल गांव है, जहां करीब सौ परिवार निवास करते हैं। ग्रामीणों ने लंबे समय से अमलोर–सिरपुर तक सड़क निर्माण की मांग की थी। सुशासन तिहार के दौरान भी ग्रामीणों ने यह मांग उठाई थी। वन विकास निगम ने सड़क निर्माण के लिए एक करोड़ रुपए का प्रस्ताव शासन को भेजा था, लेकिन स्वीकृति अब तक नहीं मिली। 
इसी नाराजगी में ग्रामीणों ने बिना अनुमति वन मार्ग पर आने वाले 89 मिश्रित प्रजाति के और 3 सागौन के वृक्ष काट डाले। सूचना पर वन अमला मौके पर पहुंचा और कार्यवाही की।
वन परिक्षेत्र अधिकारी आशीष कुमरी ने बताया कि भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 26(1) क, च, के तहत मामला दर्ज कर 36 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सभी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
वहीं, जनपद सदस्य प्रतिनिधि लक्ष्मी नारायण ठाकुर ने कहा कि ग्रामीणों की समस्या वास्तविक है। गांव से अमलोर–सिरपुर जाने के लिए कोई वैकल्पिक मार्ग नहीं है और आए दिन वन्य प्राणियों से ग्रामीणों का सामना होता है। इसी कारण ग्रामीणों ने रास्ता साफ करने के लिए पेड़ काटे।



