सरायपाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 लीटर महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
सरायपाली | थाना सरायपाली पुलिस ने अवैध महुआ शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए ग्राम चकरदा में रेड कर एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 10 लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब और शराब बनाने के उपकरण जब्त किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना सरायपाली में पदस्थ प्रधान आरक्षक राधाचरण प्रधान दिनांक 07 जनवरी 2026 को जुर्म-जरायम की पतासाजी हेतु हमराह आरक्षकों के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम चकरदा निवासी चंदा बंजारा अपने घर बाड़ी में अवैध रूप से महुआ शराब बनाकर रखे हुए है।
सूचना पर पुलिस टीम ने राहगीर गवाहों को साथ लेकर ग्राम चकरदा में आरोपी के घर बाड़ी में दबिश दी। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से
10 लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब (कीमत लगभग ₹2000)
शराब बनाने के दो इस्तेमाली बर्तन (कीमत लगभग ₹1000)
बरामद किए गए। कुल जब्ती की कीमत ₹3000 बताई गई है। मौके पर पंचनामा तैयार कर जब्त सामग्री को सीलबंद किया गया।
आरोपी चंदा बंजारा पिता मोहन बंजारा, उम्र 55 वर्ष, निवासी नायकपारा चकरदा, थाना सरायपाली के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। आरोपी को दोपहर 12:55 बजे विधिवत गिरफ्तार कर मामले को विवेचना में लिया गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण व बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के कृत्यों में संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



