दर्रीपाली पड़ाव के पास तेज रफ्तार इनोवा की टक्कर से युवक की मौत, चालक पर अपराध दर्ज
पटेवा। थाना पटेवा क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 53 पर दर्रीपाली पड़ाव के पास हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने मर्ग जांच के बाद इनोवा कार चालक के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मर्ग क्रमांक 06/2026 धारा 194 BNSS के अंतर्गत मृतक झालेन्द्र ध्रुवंशी पिता मोहन ध्रुवंशी (32 वर्ष) निवासी ग्राम समोदा, थाना आरंग, जिला रायपुर की मृत्यु की जांच की गई।
जांच में प्रत्यक्षदर्शी गवाह सुरेश कुमार धुरी, हेमंत मिर्धा, राजा ध्रुव एवं परिजन मीनाक्षी ध्रुवंशी, मोहन लाल ध्रुवंशी, नारायण प्रसाद ध्रुवंशी के कथन लिए गए। गवाहों ने बताया कि 14 जनवरी 2026 को रात करीब 10 बजे झालेन्द्र ध्रुवंशी अपने साथी सुरेश कुमार धुरी के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक CG 28 6498 से ग्राम लखनपुर से समोदा जा रहे थे। दर्रीपाली पड़ाव के पास शौच के लिए सुरेश कुमार सड़क पार कर गया, जबकि झालेन्द्र सड़क किनारे खड़ा होकर उसका इंतजार कर रहा था। इसी दौरान पटेवा की ओर से आ रही इनोवा कार क्रमांक CG 04 M 4329 के चालक ने तेज गति व लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए झालेन्द्र को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में झालेन्द्र के सिर, बाएं पैर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं तथा अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। घायल अवस्था में उसे एंबुलेंस से शासकीय अस्पताल तुमगांव ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण सड़क दुर्घटना से आई चोटों के कारण अत्यधिक रक्तस्राव से उत्पन्न शॉक बताया गया है। संपूर्ण मर्ग जांच, प्रत्यक्षदर्शी गवाहों के कथन एवं पीएम रिपोर्ट के आधार पर इनोवा कार चालक के विरुद्ध धारा 106(1) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई जारी है।



