महासमुंद/सांकरा : “पापा ने भेजा है…” कहकर घरों में घुस रहे शातिर, बच्चों और बुजुर्गों को बनाया निशाना; 3 गांवों से लाखों के जेवर-नकदी पार
महासमुंद जिले के सांकरा थाना क्षेत्र में इन दिनों एक शातिर गिरोह सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है, जो बच्चों और बुजुर्गों को झांसे में लेकर घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दे रहा है। झगरेनडीह, अनसुला और लोहरिनडोंगरी गांव में एक जैसे तरीके से हुई तीन घटनाओं ने क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। तीनों मामलों में आरोपी काले रंग की प्लेटिना मोटरसाइकिल से पहुंचा और परिजनों का परिचित बनकर घर में घुसा।
पहली घटना ग्राम झगरेनडीह की है, जहां निलमणी प्रधान की 10 वर्षीय पुत्री को आरोपी ने यह कहकर बहलाया कि “तुम्हारे पापा ने पेटी से कागजात लेने भेजा है।” बच्ची को पानी लाने भेजकर आरोपी ने पेटी का ताला तोड़ा और सोने के जेवर सहित 79 हजार रुपये नगद पार कर दिए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 1 लाख 15 हजार रुपये बताई गई है।
दूसरी घटना ग्राम अनसुला में हुई, जहां निलकंठ निषाद के 13 वर्षीय पुत्र को “छड़-सिमेंट मंगाया है” कहकर घर से बाहर ले जाया गया। इसी दौरान आरोपी घर में घुसा और आलमारी से 13 ग्राम सोने का माला, झुमका, नाक फुल्ली तथा 7 हजार रुपये नगद चोरी कर फरार हो गया। इस वारदात में करीब 64 हजार रुपये की चोरी हुई।
तीसरी घटना ग्राम लोहरिनडोंगरी में सामने आई, जहां प्रदीप कुमार भोई की 70 वर्षीय मां को आरोपी ने यह कहकर झांसे में लिया कि “तुम्हारा लड़का छड़-सिमेंट का पैसा लेने भेजा है।” बुजुर्ग महिला को पानी लाने भेजकर आरोपी ने अलमारी का लॉकर तोड़ दिया और 40 हजार रुपये नगद लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है



