
बसना/ भंवरपुर : घर की बाड़ी में अवैध महुआ शराब रखकर बेचने की तैयारी, 25 पाउच के साथ 40 वर्षीय व्यक्ति गिरफ्तार
महासमुंद/भंवरपुर। ब्लॉक के भंवरपुर चौकी पुलिस ने अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब रखने और बिक्री करने के मामले में एक व्यक्ति के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 25 पाउच में भरी कुल 4.500 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है। जब्त शराब की कीमत 900 रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 28 नवंबर 2026 को चौकी भंवरपुर में पदस्थ प्रधान आरक्षक वृंदावन भोई हमराह आरक्षक क्रमांक 755 के साथ अपने मोटरसाइकिल से जुर्म-जऱायम की पतासाजी के लिए क्षेत्र में रवाना हुए थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गढ़गांव निवासी रबिलाल निर्मलकर अपने घर की बाड़ी में अवैध कच्ची महुआ शराब बिक्री करने के उद्देश्य से रखे हुए है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ग्राम गढ़गांव पहुंची। रास्ते में ग्राम गढ़गांव निवासी कृष्णा नंद को सूचना से अवगत कराकर गवाह के रूप में साथ लिया गया। पुलिस ने उन्हें धारा 179 बीएनएसएस के तहत नोटिस देकर मुखबिर सूचना पंचनामा तैयार किया और बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस ने मौके पर एक व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम रबिलाल निर्मलकर पिता संतोष निर्मलकर, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम गढ़गांव, चौकी भंवरपुर, थाना बसना, जिला महासमुंद बताया। तलाशी के दौरान उसके पास रखे एक सफेद रंग के प्लास्टिक झोले के अंदर पॉलीथिन पाउच में भरी 180 एमएल क्षमता वाली कुल 25 पाउच कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। शराब की कुल मात्रा 4.500 लीटर (4500 एमएल) तथा कीमत 900 रुपये आंकी गई।
पुलिस ने शराब रखने एवं बिक्री करने के संबंध में आरोपी को धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस देकर वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन आरोपी ने कोई वैध दस्तावेज नहीं होना लिखित में बताया। इसके बाद पुलिस ने गवाहों के समक्ष शराब को जब्ती पत्रक के अनुसार जब्त कर पुलिस कब्जे में लिया तथा सीलबंद किया।
आरोपी रबिलाल निर्मलकर का कृत्य धारा 34(ए) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पाए जाने पर पुलिस ने 28 नवंबर 2026 को शाम 6:30 बजे विधिवत गिरफ्तार किया। मामला जमानतीय होने के कारण सक्षम जमानतदार प्रस्तुत करने पर आरोपी को जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
इस मामले में देहाती नालसी क्रमांक 00/2026 धारा 34(ए) आबकारी एक्ट के तहत पंजीबद्ध कर आरोपी के विरुद्ध असल अपराध कायम करने के लिए थाना बसना भेजा गया है। मामले की विवेचना प्रधान आरक्षक वृंदावन भोई द्वारा की जा रही है।
पुलिस चौकी भंवरपुर, थाना बसना जिला महासमुंद की कार्रवाई।




