
महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: शातिर मोटरसाइकिल चोर गिरफ्तार, चोरी की 8 बाइक और 14 मोबाइल बरामद
महासमुंद। महासमुंद थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर मोटरसाइकिल चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तथा उसकी निशानदेही पर अलग-अलग व्यक्तियों के पास गिरवी रखी गई कुल 8 नग मोटरसाइकिलें और 14 नग मोबाइल फोन बरामद एवं जप्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी बंसत कुमार साहू पिता स्वर्गीय बुधराम साहू (उम्र 45 वर्ष), निवासी ग्राम धनसुली, थाना एवं जिला महासमुंद ने दिनांक 13 अक्टूबर 2026 को थाना महासमुंद में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि किसी अज्ञात चोर द्वारा उनकी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 MY 1036 चोरी कर ली गई है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना महासमुंद में अपराध क्रमांक 619/26, धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।
मामले की विवेचना के दौरान 27 नवंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि महासमुंद बस स्टैंड के पास एक व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही थाना महासमुंद पुलिस टीम ने गवाहों के साथ बस स्टैंड में घेराबंदी कर मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम घनश्याम ध्रुव निवासी टिकरापारा झलप बताया।
पुलिस ने आरोपी को अभिरक्षा में लेकर मेमोरेंडम कथन लिया, जिसमें उसने अलग-अलग स्थानों से कुल 8 नग मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि पैसों की आवश्यकता होने के कारण उसने 3 मोटरसाइकिलें अपने पास रखी थीं, जबकि शेष 5 मोटरसाइकिलें अलग-अलग व्यक्तियों के पास गिरवी रख दी थीं।
आरोपी द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर मोईन रजा, रोशन सिंह, राजकुमार ध्रुव, नारायण सिंह उर्फ गुड्डू एवं सुभाष सिंह के पास गिरवी रखी गई मोटरसाइकिलों को थाने में पेश कराया गया। इन व्यक्तियों द्वारा विवेचना में सहयोग करने एवं शपथ पत्र प्रस्तुत करने पर माननीय सर्वोच्च न्यायालय के प्रकरण अर्नेश कुमार बनाम बिहार राज्य में दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस ने आरोपी घनश्याम ध्रुव के कब्जे से 3 मोटरसाइकिलें तथा गिरवी रखने वाले व्यक्तियों द्वारा पेश की गई 5 मोटरसाइकिलें, इस प्रकार कुल 8 नग मोटरसाइकिलें गवाहों के समक्ष विधिवत जप्त कीं। इसके अतिरिक्त 14 नग मोबाइल फोन भी बरामद एवं जप्त किए गए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान
गिरफ्तार आरोपी घनश्याम ध्रुव पिता राम प्रसाद ध्रुव (उम्र 31 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 06, टिकरापारा झलप, थाना पटेवा, जिला महासमुंद (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को 27 नवंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष न्यायिक रिमांड पर पेश किया है।
जप्त की गई मोटरसाइकिलों का विवरण
पुलिस द्वारा जप्त की गई 8 मोटरसाइकिलों में शामिल हैं—
- हीरो स्प्लेंडर प्लस – CG 04 RV 8963
- हीरो एचएफ डीलक्स – CG 06 GD 8748
- हीरो स्प्लेंडर प्लस – CG 04 MT 0648
- हीरो एचएफ डीलक्स – CG 06 GK 0473
- हीरो स्प्लेंडर प्लस – CG 04 MU 4374
- हीरो एचएफ डीलक्स – CG 06 GL 4309
- हीरो एचएफ डीलक्स – CG 06 GH 6899
- हीरो एचएफ डीलक्स – CG 04 MY 1036
इसके अलावा पुलिस ने 14 नग मोबाइल फोन भी जप्त किए हैं।
इस कार्रवाई में थाना महासमुंद पुलिस ने चोरी के मामले का खुलासा करते हुए कुल 8 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई है।
कार्यालय पुलिस अधीक्षक, जिला महासमुंद की ओर से जारी जानकारी के आधार पर।




