
बागबाहरा / बोकरामुड़ा खुर्द में आबकारी टीम पर हमला, अधिकारी-कर्मचारियों को बनाया बंधक; सरकारी वाहन में की तोड़फोड़
महासमुंद। जिले के बागबाहरा थाना क्षेत्र के ग्राम बोकरामुड़ा खुर्द के देहानी पारा में अवैध महुआ शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची आबकारी विभाग की टीम पर ग्रामीणों द्वारा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार्रवाई के दौरान महिलाओं एवं पुरुषों ने आबकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज, मारपीट और झूमाझटकी की। इतना ही नहीं, शासकीय दस्तावेज फाड़ दिए गए, आबकारी अधिकारी की वर्दी भी फाड़ दी गई तथा सरकारी वाहन को धक्का देकर खेत में गिरा दिया गया। घटना के दौरान आबकारी टीम के सदस्यों को बंधक बनाकर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। मामले में आबकारी उप निरीक्षक आनंद स्वर्णकार की लिखित शिकायत पर बागबाहरा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।
पुलिस को दी गई लिखित शिकायत के अनुसार आबकारी उप निरीक्षक आनंद स्वर्णकार आबकारी वृत्त बागबाहरा जिला महासमुंद में पदस्थ हैं। दिनांक 28 नवंबर 2026 को उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बोकरामुड़ा खुर्द के देहानी पारा में दसोबाई मांझी अवैध रूप से महुआ शराब का निर्माण कर बिक्री कर रही है। सूचना पर आबकारी उप निरीक्षक अपने स्टाफ आबकारी आरक्षक सौरभ सिंह सेन, महिला आबकारी आरक्षक नागेश्वरी ठाकुर, गार्ड जागेश्वर साहू तथा वाहन चालक भूपेश कुमार नायक के साथ अधिग्रहित बोलेरो वाहन क्रमांक CG 04 PZ 3523 में महासमुंद जिला आबकारी नियंत्रण कक्ष से सुबह रेड कार्रवाई के लिए रवाना हुए। बागबाहरा स्थित शासकीय प्रीमियम मदिरा दुकान के सेल्समेन ललित राजपूत को भी टीम अपने साथ लेकर ग्राम बोकरामुड़ा खुर्द पहुंची।
गांव के देहानी पारा में टीम दसोबाई मांझी के मकान पहुंची। वहां तीन-चार व्यक्ति बैठकर शराब पी रहे थे, जो टीम को देखकर भाग गए। इसके बाद आबकारी टीम ने मकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कमरे में एक प्लास्टिक के जरीकेन में करीब एक लीटर महुआ शराब तथा एक लोटे में लगभग आधा लीटर शराब भरी मिली। इसके बाद टीम ने मकान के बाड़ी तरफ जाकर खोजबीन की तो वहां 20 लीटर क्षमता वाले चार प्लास्टिक जरीकेन में महुआ शराब बनाने का पास भरा हुआ मिला।
इसके बाद आबकारी उप निरीक्षक आनंद स्वर्णकार द्वारा दसोबाई मांझी के खिलाफ अवैध रूप से महुआ शराब बनाने एवं बिक्री करने के संबंध में कार्रवाई करते हुए पंचनामा एवं अन्य शासकीय दस्तावेजों की लिखा-पढ़ी की जा रही थी। इसी दौरान पहले शराब पी रहे तीन-चार व्यक्ति वहां दोबारा पहुंच गए और आबकारी टीम के साथ बहस करने लगे। अधिकारी द्वारा उन्हें समझाइश दी जा रही थी, तभी दसोबाई मांझी की देवरानी खेमबती मांझी ने आबकारी विभाग के शासकीय दस्तावेज फाड़ दिए। वहीं दसोबाई मांझी ने जरीकेन और लोटे में रखी महुआ शराब को फेंक दिया।
सेल्समेन पर मुखबिरी का आरोप लगाकर की मारपीट
शिकायत के अनुसार वहां पहुंचे लोगों ने आबकारी टीम के सदस्यों को मां-बहन की गालियां देते हुए पूछा कि उन्हें किसने सूचना दी है और मुखबिर का नाम बताने का दबाव बनाने लगे। इस दौरान आरोपियों ने आबकारी टीम के साथ गए शासकीय प्रीमियम मदिरा दुकान के सेल्समेन ललित राजपूत पर आरोप लगाया कि उसी ने उन्हें पकड़वाया है। इसके बाद ललित राजपूत के साथ मारपीट शुरू कर दी। आबकारी उप निरीक्षक आनंद स्वर्णकार द्वारा बीच-बचाव करने पर आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की और उनकी वर्दी फाड़ दी। मारपीट के दौरान उनके कंधे पर लगे दोनों स्टार भी गिर गए। आबकारी आरक्षक सौरभ सिंह सेन ने बीच-बचाव कर अधिकारी को छुड़ाया तो आरोपियों ने उनके साथ भी झूमाझटकी की।
गांव के अन्य लोगों को बुलाकर टीम को घेरा
इसके बाद आबकारी अधिकारी एवं उनके स्टाफ ने ललित राजपूत को बोलेरो वाहन में बैठाया। इसी दौरान आरोपियों ने हंगामा करते हुए गांव के ब्रम्हा गोंड़, विष्णुगोंड़, लक्ष्मण मांझी, जयकुमार मिर्धा, लक्ष्मण गोंड़, बसटोमो गोंड़, नेतराम गोंड़, कुलेश्वर गोंड़ सहित गांव के अन्य लोगों को भी बुला लिया। आरोपियों ने वाहन में तोड़फोड़ करने और आग लगाने की धमकी देते हुए बोलेरो को हिलाना शुरू कर दिया। जान से मारने की धमकी भी दी गई।
स्थिति बिगड़ती देख वाहन चालक भूपेश नायक बोलेरो को पीछे करते हुए वहां से निकालने का प्रयास करने लगा, लेकिन आरोप है कि सभी लोगों ने वाहन को धक्का देकर खेत में गिरा दिया। इसके बाद वाहन में बैठे ललित राजपूत को बाहर निकालकर लाठी-डंडों से मारपीट की गई। वहीं आबकारी उप निरीक्षक आनंद स्वर्णकार पर भी लाठी-डंडे और पत्थर फेंककर हमला किया गया।
महिला आरक्षक सहित आबकारी स्टाफ को बनाया बंधक
शिकायत में आगे बताया गया है कि हमले से बचने के लिए आबकारी उप निरीक्षक अपने अन्य स्टाफ के पास पहुंचे तो देखा कि आबकारी आरक्षक सौरभ सिंह सेन, महिला आबकारी आरक्षक नागेश्वरी ठाकुर को खेमबती मांझी, दसोबाई मांझी सहित अन्य महिलाओं एवं पुरुषों ने घेरकर बंधक बना रखा था। वहां पहुंचने पर आरोपियों ने आबकारी उप निरीक्षक को भी बंधक बना लिया। इस दौरान सभी को जान से मारने की धमकी दी गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वाहन चालक भूपेश नायक ने डायल 112 पर फोन कर घटना की सूचना दी। कुछ देर बाद पुलिस स्टाफ मौके पर पहुंचा और आबकारी विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आरोपियों के कब्जे से छुड़ाया।
इन धाराओं के तहत अपराध दर्ज
आबकारी उप निरीक्षक आनंद स्वर्णकार की लिखित रिपोर्ट के अवलोकन के बाद पुलिस ने प्रथम दृष्टया आरोपी खेमबती मांझी, दसोबाई मांझी, ब्रम्हा गोंड़, विष्णुगोंड़, लक्ष्मण मांझी, जयकुमार मिर्धा, लक्ष्मण गोंड़, बसटोमो गोंड़, नेतराम गोंड़, कुलेश्वर गोंड़ एवं अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 191(2), 191(3), 190, 132, 121(1), 127(2), 126(2), 296, 115(2), 221, 351(3), 324(3), 324(4), 238(ग), 241 तथा लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम 1984 की धारा 3(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।नोट: समाचार में घटना और मारपीट से संबंधित सभी आरोप शिकायतकर्ता के लिखित आवेदन के आधार पर प्रस्तुत किए गए हैं। आरोपियों के विरुद्ध दोष सिद्ध होना अभी शेष है।




