महासमुंद। महासमुंद के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम नांदगांव में एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर की लापरवाही ने एक गरीब परिवार की खुशियां छीन लीं। शिवालिक पावर प्लांट से मजदूरी कर घर लौट रहे एक युवक को ट्रैक्टर चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में युवक का दाहिना पैर दो जगह से फ्रैक्चर हो गया है। घटना के 10 दिन बाद पीड़ित पिता की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामला विवेचना में लिया है।
काम से घर लौट रहा था इकलौता सहारा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बम्हनी (वार्ड नंबर 08) का रहने वाला रूपेश पाल (पिता नरसिंग पाल) रोजाना की तरह बीते 17 मई को अपनी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 06 HC 0413) से शिवालिक पावर प्लांट मजदूरी करने गया था।
रात करीब 08:15 बजे जब वह काम खत्म करके वापस अपने घर लौट रहा था, तभी ग्राम नांदगांव स्थित खल्लारी मंदिर के पास सामने से आ रहे एक हार्वेस्टर ट्रैक्टर (क्रमांक CG 04 NY 9768) के चालक ने लापरवाही और तेज रफ्तार से चलाते हुए रूपेश की बाइक को सीधी टक्कर मार दी।
पैर दो जगह से टूटा, रायपुर रेफर
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रूपेश की मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और वह सड़क पर दूर जा गिरा। हादसे में उसके दाहिने पैर की जांघ और घुटने के नीचे गंभीर चोटें आईं और पैर दो जगह से फ्रैक्चर हो गया।
आसपास के लोगों की मदद से लहूलुहान हालत में रूपेश को तुरंत सोहम अस्पताल महासमुंद ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रायपुर रेफर कर दिया। फिलहाल पीड़ित का इलाज आशादीप अस्पताल रायपुर में चल रहा है।



