डंडे और हाथ-मुक्कों से पीटने का आरोप, एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल भी छीनने की शिकायत; पुलिस से कार्रवाई की मांग
महासमुंद, 29 अगस्त 2026। चिंगरौद में मोटरसाइकिल वापस करने पहुंचे एक युवक के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार ग्राम हथखोज, थाना फिंगेश्वर, जिला गरियाबंद निवासी युवक ट्रांसपोर्टिंग का काम करता है और कक्षा 10वीं तक पढ़ा है। 29 अगस्त को वह ग्राम चिंगरौद निवासी ओम प्रकाश की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल मांगकर महासमुंद में श्री व्यास नारायण शर्मा के तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने आया था।
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद युवक मोटरसाइकिल वापस करने चिंगरौद स्थित ओम प्रकाश की दुकान के पास पहुंचा। दुकान बंद होने पर उसने वहां बैठे लोगों से ओम प्रकाश के बारे में पूछा। इसी दौरान यशवंत यादव सहित अन्य लोगों के कहने पर युवक ने ओम प्रकाश को फोन लगाया, लेकिन मोबाइल बंद मिला।
पीड़ित का आरोप है कि इसी बात को लेकर यशवंत यादव व अन्य लोगों ने उसके साथ मां-बहन की गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए डंडे तथा हाथ-मुक्कों से मारपीट की। मारपीट में उसके पीठ और बाएं हाथ में चोट आने की बात शिकायत में कही गई है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि घटना के दौरान यशवंत यादव ने उसकी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल भी छीन ली। घटना को टावेन निषाद द्वारा देखे और सुने जाने की बात भी शिकायत में उल्लेखित है।
पीड़ित ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने तथा अपनी मोटरसाइकिल वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



