
बसना। चौकी भंवरपुर क्षेत्र के ग्राम गढ़गांव स्थित शासकीय उचित मूल्य की दुकान में चोरी का मामला सामने आया है। अज्ञात चोरों ने दुकान का चैनल गेट और अंदर रखे कमरे का ताला तोड़कर 30 कट्टा चावल (15 क्विंटल) और 50 किलो शक्कर चोरी कर ली। चोरी गए राशन की कुल कीमत 62,500 रुपये बताई गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, दुकान का संचालन मुस्कान महिला स्व सहायता समूह द्वारा किया जाता है। समूह की सचिव पुनेई बाई चौहान ने 28 अक्टूबर को बारिश के कारण दुकान बंद कर दी थी। 2 नवंबर की सुबह ग्रामीण से दुकान का गेट खुला होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर ताला आधा कटा मिला और जांच में राशन गायब पाया गया। शिकायत पर चौकी भंवरपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।




