महासमुंद/सरायपाली। बरिहापाली मोड़ के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मोटरसाइकिल सवार चाचा और दादी की मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम जलपुर निवासी नरेन्द्र कुमार नायक और उनकी मां बेदमोती उर्फ शांति नायक 5 सितंबर की सुबह मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GQ 6458 से दशकर्म कार्यक्रम में शामिल होने ग्राम बरिहापाली गए थे। कार्यक्रम के बाद दोनों दोपहर करीब 1:30 से 2 बजे के बीच वापस लौट रहे थे।
इसी दौरान भंवरपुर रोड स्थित बरिहापाली मोड़ के पास सामने से आ रहे पिकअप वाहन क्रमांक CG 07 CZ 9807 के चालक ने वाहन को तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। दुर्घटना में नरेन्द्र कुमार नायक और बेदमोती उर्फ शांति नायक गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल सरायपाली ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर घटना की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।



