बसना। सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल ग्राम उड़ेला निवासी 76 वर्षीय बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। भंवरपुर चौकी पुलिस ने मर्ग जांच के बाद आरोपी मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ धारा 106(1) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम उड़ेला निवासी ईश्वर सिदार (76 वर्ष) मोबाइल रिचार्ज कराने के लिए गांव की ही एक दुकान जा रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 AH 2268 के चालक ने तेजी व लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बुजुर्ग के सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं।
दुर्घटना के बाद परिजनों ने उन्हें तुरंत प्राथमिक इलाज के लिए ओम अस्पताल सरायपाली में भर्ती कराया, जहाँ से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बालाजी अस्पताल, रायपुर रेफर किया गया। रायपुर में इलाज के दौरान बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया।
एक साल बाद दर्ज हुआ मामला
उल्लेखनीय है कि यह हादसा पिछले साल 09 सितंबर 2025 को हुआ था, जिसमें इलाज के दौरान 02 अक्टूबर 2025 को बुजुर्ग की मौत हो गई थी। चूंकि मामला रायपुर के अस्पताल से जुड़ा था, इसलिए वहां से मर्ग डायरी भंवरपुर चौकी स्थानांतरित होने और मर्ग जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद, अब ठीक एक साल बाद 09 सितंबर 2026 को आरोपी बाइक चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है।



