त्रिवेन्द्र जगत, पटेवा। पटेवा थाना क्षेत्र के एक गांव से 16 वर्षीय नाबालिग बालिका के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत पर पटेवा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बहला-फुसलाकर भगा ले जाने (अपहरण) का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता के पिता (66 वर्ष) ने थाने में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि उनकी 16 वर्षीय नाबालिग पुत्री गत 5 सितंबर 2026 की दोपहर करीब 3:00 बजे घर से बिना बताए कहीं निकल गई थी। जब वह देर शाम तक वापस नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
पीड़ित पिता ने बताया कि 5 सितंबर से लेकर 9 सितंबर तक उन्होंने अपने स्तर पर गांव, आसपास के क्षेत्रों और नाते-रिश्तेदारों में बालिका की काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों को आशंका है कि उनकी नाबालिग पुत्री को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर भगाकर ले जाया गया है।
मामले की गंभीरता और बालिका के नाबालिग होने के कारण पटेवा पुलिस ने मर्ग/गुम इंसान कायम करते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।



