त्रिवेंद्र जगत पिथौरा। जनपद पंचायत सभागार में विकासखंड स्तरीय विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने विभिन्न विभागों के कामकाज और शासन की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में विधायक ने अधिकारियों से योजनाओं और निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए विकास कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए।
विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, कृषि, विद्युत, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों से एक-एक कर उनके विभाग में चल रहे कार्यों और योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है।
लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनीसमीक्षा के दौरान विधायक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि योजनाओं के क्रियान्वयन और निर्माण कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के साथ गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर अधिकारियों के पास पहुंचती है। ऐसे में आवेदनों का पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से निराकरण किया जाए, ताकि लोगों को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़े
पेयजल, सड़क और बिजली व्यवस्था पर भी जोर बैठक में आगामी मौसम और स्थानीय जरूरतों को देखते हुए पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा सड़कों की आवश्यक मरम्मत कराने और विद्युत आपूर्ति सुचारू बनाए रखने पर भी विधायक ने अधिकारियों को निर्देशित किया।
विधायक ने कहा कि विभागीय समीक्षा का उद्देश्य केवल योजनाओं की जानकारी लेना नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर उनके क्रियान्वयन की स्थिति जानना और जनता को उसका वास्तविक लाभ दिलाना है।
बैठक में पिथौरा जनपद पंचायत अध्यक्ष ऊषा पुरुषोत्तम धृतलहरे, उपाध्यक्ष ब्रह्मानंद पटेल, जिला उपाध्यक्ष भाजपा एवं विधायक प्रतिनिधि हरप्रसाद पटेल, जिला प्रवक्ता भाजपा स्वप्निल तिवारी, जनपद सदस्य एवं विधायक प्रतिनिधि पुरुषोत्तम धृतलहरे, जनपद पंचायत सभापति दिनेश अग्रवाल, विधायक प्रतिनिधि बसना कैलाश अग्रवाल, सभापति कंवलजीत छाबड़ा, जिला उपाध्यक्ष युवा मोर्चा विजय नायक, निज सचिव नरेंद्र बोरे, विधायक प्रतिनिधि सुरेंद्र पांडेय, सुमित अग्रवाल, खेमराज अग्रवाल, पुष्पराज गजेंद्र, एसडीएम पिथौरा बजरंग वर्मा, विधायक प्रतिनिधि अनूप अग्रवाल सहित जनपद पंचायत के जनप्रतिनिधि, मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



