गरियाबंद : ‘आशीर्वाद का दीया’ से जगमगाएगा भूतेश्वरनाथ धाम
17 सितंबर को शाम 7 बजे होगा वृहद दीप प्रज्ज्वलन, कलेक्टर रणबीर शर्मा ने तैयारियों का लिया जायजा
गरियाबंद, 12 सितंबर 2026।
सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को गरियाबंद जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल भूतेश्वरनाथ धाम में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के अंतर्गत वृहद दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। आयोजन को भव्य और गरिमापूर्ण बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
इसी सिलसिले में कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा ने शनिवार को जिला अधिकारियों के साथ भूतेश्वरनाथ मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलन के लिए उपयुक्त स्थान, श्रद्धालुओं की सुविधा, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम से पहले मंदिर परिसर की व्यापक साफ-सफाई कराते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण की जाएं।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर विशेष जोर
कलेक्टर श्री शर्मा ने कहा कि भूतेश्वरनाथ धाम जिले का प्रमुख धार्मिक एवं आस्था का केंद्र है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और आम नागरिकों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए आवागमन, प्रकाश, पेयजल, स्वच्छता और सुरक्षा की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, कार्यक्रम स्थल को सुव्यवस्थित करने तथा श्रद्धालुओं की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए।
शाम 7 बजे प्रज्ज्वलित होंगे दीप
सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर की शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित होगा। इसी क्रम में भूतेश्वरनाथ मंदिर परिसर में भी बड़ी संख्या में दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
आयोजन को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा, नेतृत्व एवं समर्पण के प्रति आभार तथा विकसित भारत-2047 के संकल्प का प्रतीक बताया गया है। कलेक्टर ने अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने और कार्यक्रम की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी श्री वेदव्रत सिरमौर, डीएफओ श्री मयंक पांडे, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर श्री पंकज डाहिरे, श्री नवीन भगत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



